13 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

तस्करों को छुड़ाने भीड़ का पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला, वाहनों में तोड़फोड़, फरार आरोपियों की तलाश जारी

Mob attack on CG Police: महासमुंद में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान उकसाई गई भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें टीआई समेत कई जवान घायल हुए। पुलिस ने हालात संभालते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 3 अब भी फरार हैं।

2 min read
Google source verification
तस्करों को छुड़ाने भीड़ का पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला, वाहनों में तोड़फोड़, फरार आरोपियों की तलाश जारी(photo-patrika

तस्करों को छुड़ाने भीड़ का पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला, वाहनों में तोड़फोड़, फरार आरोपियों की तलाश जारी(photo-patrika

Mob attack on CG Police: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत पचरी गांव में पुलिस टीम पर भीड़ द्वारा किए गए जानलेवा हमले की घटना सामने आई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर तस्करों और उनके समर्थकों ने हमला कर दिया, जिसमें थाना प्रभारी (TI) सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बावजूद पुलिस ने साहस का परिचय देते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने पहुंचाया। मामले में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

Mob attack on CG Police: गिरफ्तारी के लिए गई थी पुलिस टीम

जानकारी के अनुसार, आबकारी एक्ट के एक मामले में फरार आरोपी विजय मारकण्डेय और विनोद मारकण्डेय की गिरफ्तारी के लिए सांकरा थाना के टीआई उत्तम तिवारी समेत पुलिस की संयुक्त टीम पचरी गांव पहुंची थी। अलग-अलग थाना और पुलिस इकाइयों की टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

वाहन में बैठाने के दौरान शुरू हुआ बवाल

जब पुलिस टीम आरोपियों को वाहन में बैठाकर ले जाने की तैयारी कर रही थी, तभी दोनों आरोपियों ने विरोध शुरू कर दिया और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करने लगे। इसी दौरान उन्होंने अपने परिजनों और आसपास के लोगों को उकसा दिया।

भीड़ ने लाठी-डंडों से किया हमला

आरोपियों के उकसावे पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडों, लोहे की रॉड तथा ईंट-पत्थरों से पुलिस टीम पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में टीआई उत्तम तिवारी को सिर, गले और सीने में गंभीर चोटें आईं। वहीं महिला आरक्षक सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस वाहनों में भी तोड़फोड़

हमले के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस वाहनों को भी नहीं बख्शा। हाईवे पेट्रोलिंग वाहन के कांच तोड़ दिए गए और अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। इस दौरान आरोपियों के परिजन उन्हें छुड़ाने की कोशिश करते रहे और पुलिस कार्रवाई में बाधा डालते रहे।

हालात पर काबू, आरोपियों को थाने लाया गया

हमले के बावजूद पुलिस टीम ने संयम और साहस के साथ स्थिति को संभाला और किसी तरह दोनों मुख्य आरोपियों को सुरक्षित थाना पटेवा ले आई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।

10 आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार

पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी विजय मारकण्डेय, विनोद मारकण्डेय समेत उनके परिजनों और अन्य लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, जानलेवा हमला, मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि तीन अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई

घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।