
महोबा. महोबा जनपद के कस्बा चरखारी में 8 वर्ष के दलित मासूम के साथ एक किशोर द्वारा अप्राकृतिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़ित मासूम कक्षा चार का छात्र है। पीड़ित को लेकर माता पिता कोतवाली पहुंचे लेकिन मामले में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं मीडिया द्वारा मामले को उठाये जाने पर एसपी ने जांच के उपरांत मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए है। साथ ही मासूम को डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। अभी भी आरोपी फरार बताया जा रहा है।
महोबा जनपद के कोतवाली चरखारी अंतर्गत मोहल्ला बजरिया में रहने वाले सफाईकर्मी दलित का 8 वर्षीय पुत्र घर के बाहर खेल रहा था। आरोप है कि मोहल्ले में ही रहने वाले बीजेपी कार्यकर्ता संपत मराठा का पुत्र सत्यम अपने एक साथी के साथ नाबालिग को बहला फुसलाकर अपने घर ले गया।
आरोप है कि एक कमरे में ले जाकर उसके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म किया। मासूं दर्द से चीख पुकार मचाता रहा मगर किशोर ने उसकी एक नहीं सुनी और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे डाला। किसी तरह अपने घर पहुंचे मासूम ने आपबीती अपने परिजनों को बताई।
पुत्र के साथ हुई हैवानियत को सुनकर माता पिता भी भौचक्के रह गए। मासूम को लेकर परिवारीजन कोतवाली शिकायत करने पहुंचे जहां पुलिस द्वारा कोई भी कार्यवाही नहीं की गई। मगर मामला मीडिया में आने के बाद एसपी एन. कोलांचि ने गंभीरता दिखाते हुए पीड़ित को डॉक्टरी परिक्षण के लिए भेजने के आदेश दिए है। एसपी ने बताया कि आरोपी भी नाबालिग बताया जा रहा है। इस मामले में पीड़ित का मेडिकल कराया जा रहा है। घटना की निष्पक्ष जांच होगी। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस पूरे मामले को लेकर डीएम रामविशाल मिश्रा ने कहा कि ऐसे मामले रोकने के लिए उनके द्वारा पुलिस को निर्देश दिए गए है। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।