उत्तर प्रदेश के महोबा से हैरान कर देने वाला एक मामला सामने आया है, यहां एक काला सांप 5 साल से एक लड़की के पीछे पड़ा है। सांप ने एक बार फिर लड़की को अपना शिकार बनाया है, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
उत्तर प्रदेश में काला सांप पांच साल से एक लड़की के पीछे पड़ा हुआ है। सांप ने 11 बार उसे अपना शिकार बनाया है। एक बार फिर सांप के काटे जाने से युवती को इलाज के लिए जिला अस्पताल में परिजनों ने भर्ती कराया है। इस घटना ने सबको हैरान कर दिया है। लड़की के पिता ने बताया कि डॉक्टर से लेकर तांत्रिक तक से उन्होंने अपनी बेटी का इलाज करवाया लेकिन सांप ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। गांव वाले ये सोच रहे हैं कि सांप का आखिर इस लड़की से क्या संबंध है। क्या वजह है कि ये सांप इतने सालों से लड़की के पीछे पड़ा है।
दरअसल पूरा मामला महोबा जिले के चरखारी तहसील के पंचमपुरा गांव का है। 2019 में वह चने के खेत में भाजी तोड़ने गई थी। उसी दौरान उसका एक पैर सांप के पूंछ पे पड़ गया, जिसके बाद सांप ने उसे काट लिया। इलाज के बाद रोशनी की जान तो बच गई, लेकिन तब से यह सांप जान का जंजाल बन गया। लड़की चाहे खेत में हो या मंदिर में ये सांप उसे ढूंढ़ निकालता है। एक बार तो जिला अस्पताल में इलाज के दौरान बेड पर ही उसने रोशनी को डस लिया था। इस सांप ने 11 बार रोशनी को अपना शिकार बनाया है।
पीड़ित लड़की के परिजनों का कहना है कि बेटी को सांप में प्रकोप से बचाने के लिए उन्होंने उसे तांत्रिक व ओझाओं को भी दिखाया। उनके कहने पर उन्होंने भंडारा करवाया और साथ में शिव अभिषेक भी करवाया लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ। परिजनों के मुताबिक, उनकी बेटी को पहली बार 2019 में काले सांप ने डसा था, तब से आज तक वह सांप उनकी बेटी के पीछे पड़ा हुआ है।
इस घटना को जिसने भी सुना वह भी हैरत में पड़ गया। रोशनी का जीजा प्रदीप बताता है कि कुछ लोग इसे तांत्रिक क्रिया बता रहे हैं। जितनी बार सांप काटता है उतनी बार ही उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर आते है। प्रदीप बताता है कि सांप घर पर ही नहीं काटता बल्कि वह किसी रिश्तेदारी में भी जाती है तो वहीं भी सांप उसका पीछा कर पहुंच जाता है। अब इसके पीछे क्या कारण है ये बता पाना मुश्किल है लेकिन इस घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत में है।