उस सिपाही का आवेदन पत्र ऐसा वायरल हुआ कि जिसने भी उसे पढ़ा उसपर चुटकुले बनाने लगा।
महोबा. यूपी पुलिस फोर्स में लंबी छुट्टी मिलना बड़ी बात है और आवेदन करने वाले के लिए एक बड़ी चुनौती। लेकिन इस सिपाही ने दरोगा को ऐसा कारण बताया जिससे उनकी छुट्टी को झट से मंजूरी तो मिली ही, साथ ही अवकाश के अवधि भी बढ़ा दी गई। यहां तक तो सब ठीक था, लेकिन उस सिपाही का आवेदन पत्र ऐसा वायरल हुआ कि जिसने भी उसे पढ़ा उसपर चुटकुले बनाने लगा।
सिपाही ने इसलिए मांगी छुट्टी-
दरअसल मामला महोबा का है जहां कोतवाली में तैनात सिपाही सोम सिंह ने अपने पत्र में कहा है कि उसे अपना परिवार बढ़ाने के लिए छुट्टी चाहिए। सोम सिंह फतेहपुर के रहने वाले हैं और उनकी पत्नी व परिवार भी वहीं पर रहता है। वे परिवार बढ़ाना चाह रहे हैं, लेकिन काफी समय से उन्हें छुट्टी नहीं मिल रही थी। लेकिन इस बार 23 जून से छुट्टी पर जाने के लिए अपने थानेदार के पास सोम सिंह ने लिखित रूप से ऐसा कारण बताकर आवेदन किया था। दरोगा जी भी दिलदार निकले और उन्होंने सिपाही की 30 दिन की छूट्टी तो मंजूर तो की ही साथ ही 15 दिन और अतिरिक्त छुट्टी प्रदान कर दी। यह न जाने कैसे य चिट्ठी वायरल हो गई और सभी के लिए मजाक का केंद्र बन गई। देखते ही देखते परिवार बढ़ाने वाली चिट्ठी की खबर लखनऊ में डीजीपी ऑफिस तक पहुंच गयी।
एसपी ने कहा- छुट्टी के लिए कोई और कारण आवेदन में लिखो-
सभी जगह उपहास होता देख सिपाही से फिर से आवेदन करने के लिए कहा गया। यही नहीं महोबा के एसपी एन कोलांची ने सोम सिंह से छुट्टी के लिए कोई और कारण बताने व लिखने के लिए कहा। इसके बाद उसे छुट्टी दे दी गयी।
सोम सिंह का क्या है कहना-
इस पूरे मामले के लिए सोम सिंह कहना है कि वायरल हो रहा लेटर फर्जी है और वह अपना घर बनवाने के लिए 25 जून से एक महीने की छुट्टी पर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने शुक्रवार को ही छुट्टी के लिए आवेदन किया है और मुझे 25 जून से एक महीने के लिए छुट्टी मिली है।
एसपी ने कहा ये-
महोबा में तैनात सिपाही सोम सिंह की अर्जी के वायरल होने के बाद एसपी एन.कोलांचि ने बताया की सिपाही सोम सिंह ने छुट्टी को लेकर ऐसी कोई भी अर्जी पूर्व में नहीं दी है। ये कैसे और किसने वायरल की है। इसको लेकर सीओ सिटी से जाँच कराई जा रही है।