महोबा

बुंदेलखंड के किसान ने कही नेताओं को जूते मारने की बात, अपनी मांग को लेकर उठाई आवाज

बुंदेलखंड के किसान ने कही नेताओं को जूते मारने की बात, अपनी मांग को लेकर उठाई आवाज
3 min read
• •
Updated: 18 Dec 2017, 2:47 PM IST
protest
protest

महोबा. सूबे की बीजेपी सरकार पूर्व की सपा सरकार को खनन और ओवरलोड को लेकर घेरती थी, लेकिन अब बीजेपी सरकार में भी हो रहे खनन और सड़कों से गुजर रहे ओवरलोड वाहन पर कोई नकेल नहीं कसी जा रही है। यही वजह है कि बालू के अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों की निकासी के खिलाफ बुन्देलखण्ड किसान यूनियन ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है। बुन्देलखण्ड किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल शर्मा ओवरलोड के खिलाफ आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। उनके इस अनशन को किसानों का भरपूर समर्थन मिल रहा है।

पूर्व की सपा सरकार में होने वाले बालू खनन को बीजेपी ने माफियाओं का खनन बताकर सरकार को जमकर घेरा था। जबकि सत्ता परिवर्तन के बाद भी न तो खनन में कोई गिरावट आई है और न ही ओवरलोड वाहनों पर शासन प्रशासन सख्ती बरत रहा है। हम बात करें बुन्देलखण्ड के महोबा की इसकी सीमा से सटे मध्यप्रदेश में निकलने वाली नदियों से बालू का खनन किया जा रहा है।

यहां से बड़े-बड़े ट्रक ओवरलोड बालू को भरकर हजारों की तादाद में सड़कों से गुजर रहे हैं। जिससे यहां की सड़के बर्बाद हो रही है। यही नहीं बुन्देलखण्ड के अन्य जनपदों में भी नदियों का सीना चीरकर पोकलैंड मशीनों से बालू निकाली जा रही है। जिससे यहां का जलस्तर लगातार नीचे खिसकता जा रहा है। ये क्षेत्र पिछले कई वर्षों से सूखे की मार झेलने को मजबूर है।

बुन्देलखण्ड किसान यूनियन कई बार धरना प्रदर्शन कर आला अधिकारियों को ओवरलोड बन्द करने के लिए शिकायत कर चुका है , लेकिन न तो अवैध खनन रुक पा रहा है और न ही ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। ऐसे में अब बुन्देलखण्ड किसान यूनियन ने माफ़ियाओं और प्रशासन के खिलाफ आन्दोलन का रास्ता चुना है। आपको बता दें कि महोबा जनपद के झांसी-मिर्ज़ापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में हज़ारों की तादाद में ओवरलोड ट्रक बालू भरकर गुजरते हैं।

ऐसे में बुन्देलखण्ड किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल शर्मा इसी हाइवे किनारे पनवाड़ी कस्वा में आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। 16 दिसम्बर को आमरण अनशन पर बैठे विमल शर्मा को बुंदेली किसानों का समर्थन मिल रहा है। आस पास के किसान भी आमरण अनशन पर इकट्ठा हो रहे हैं। बुन्देलखण्ड किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल शर्मा की मांग है कि महोबा जनपद सहित पूरे बुन्देलखण्ड में ओवरलोड वाहनों को पूरी तरह बंद किया जाए।

साथ ही किसानों के कर्ज माफ, सिंचाई,बिजली मुफ्त जैसी मांगे की जा रही हैं। किसान इस कदर नाराज है कि ओवरलोड चलने के पीछे जिले के डीएम को जिम्मेदार मानकर डीएम चोर है के नारे लगाए गए। आमरण अनशन स्थल पर पुरुष किसानों सहित महिला किसानों की भी भागीदारी देखने को मिली है।

आमरण अनशन पर बैठे बुन्देलखण्ड किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल शर्मा ने कहा कि पूर्व की सपा सरकार पर बालू निकालने के लिए ट्रैक्टर चलते थे इस सरकार में ट्रकों से बालू निकाली जा रही है। शासन और प्रशासन का माफियाओं से गड़जोड़ है। उन्होंने जूता दिखाते हुए कहा कि बुन्देलखण्ड का किसान ऐसे नेताओं से अब जूते से बात करेगा। उन्होंने कहा कि पूरे बुन्देलखण्ड में भ्रष्ट अधिकारियों का जमावड़ा है।

बुन्देलखण्ड के सभी जिलों में भ्रष्ट डीएम काम कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की शह पर माफिया बुन्देलखण्ड को खोखला कर रहे हैं। इनकी माने तो खनन ओर ओवरलोड संचालन के पीछे जिले के आला अधिकारियों सहित सांसद, विधायक की भागीदारी है। उन्होंने सूबे के सीएम से मांग करते हुए कहा कि ओवरलोड को रोकिए नहीं तो किसान भी सड़कों पर आ जाएगा।

वहीं संगठन के राष्टीय उपाध्यक्ष श्रवण कुमार का कहना है कि ओवरलोड से बुंदेलखंड की सड़कें बर्बाद हो रही है तो वहीं नदियों से हो रहे खनन के कारण जल स्तर गिर रहा है ऐसे में अब किसान आर पार की लड़ाई लड़ने के मूढ़ में आ चुका है।

Published on: