महोबा

Mahoba News: 90 दिन में नौकरी का वादा, 4.68 लाख लिए और 6 महीने तक टरकाता रहा, पैसे मांगे तो कर दी हाथापाई

Mahoba News: महोबा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 4.68 लाख रुपये ठगने का आरोप है। पैसे वापस मांगने पर पिता-पुत्री से हाथापाई का मामला सामने आया।
2 min read
Sep 17, 2026
Anganwadi Job Fraud
महोबा में आंगनबाड़ी नौकरी के नाम पर ठगी का मामला (photo-chatgtp)

Anganwadi Job Fraud:महोबा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। एक युवक पर कई लोगों से करीब 4.68 लाख रुपये लेने का आरोप है। पीड़ितों का कहना है कि युवक ने 90 दिन के भीतर नियुक्ति और चरखारी में एक महीने की ट्रेनिंग कराने का भरोसा दिया था, लेकिन छह महीने बीतने के बाद भी नौकरी नहीं मिली। जब पिता-पुत्री ने उससे रुपये वापस मांगे तो कथित तौर पर उसने गाली-गलौज और हाथापाई की और मौके से भाग गया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

90 दिन में नौकरी का दिया था भरोसा

शहर के सत्तीपुरा मोहल्ला निवासी महेंद्र कुमार के अनुसार, करीब सात महीने पहले सौरभ उर्फ अभय मिश्रा निवासी बेलाताल, हाल निवासी डीएम आवास के पीछे, उनके पास आया था। उसने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद पर नियुक्ति कराने की बात कही। शुरुआत में महेंद्र ने इसमें रुचि नहीं दिखाई।

महेंद्र का आरोप है कि करीब एक महीने बाद सौरभ ने दोबारा नौकरी लगवाने की बात कही। इसके बाद उन्होंने अपनी पुत्री प्रीति, छाया और भतीजी अंबे के लिए उससे बात की। आरोप है कि तीनों की नौकरी लगवाने के नाम पर उसने 2.37 लाख रुपये लिए। इसके अलावा अन्य लोगों से भी रुपये लिए गए। पीड़ित के मुताबिक, कुल मिलाकर करीब 4.68 लाख रुपये लिए गए। युवक ने कथित तौर पर सभी को भरोसा दिलाया था कि 90 दिन के भीतर ज्वाइनिंग हो जाएगी और एक महीने की ट्रेनिंग चरखारी में कराई जाएगी। लेकिन समय बीतता गया और छह महीने बाद भी नियुक्ति नहीं हुई।

पैसे मांगने पर गाली-गलौज और हाथापाई का आरोप

नौकरी नहीं मिलने पर महेंद्र ने रुपये वापस मांगने का फैसला किया। उन्होंने बताया कि सौरभ को कचहरी के पास पकड़कर पैसों के बारे में पूछा गया। आरोप है कि रुपये लौटाने से इनकार करने के बाद उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथापाई करते हुए वहां से भाग निकला। इस पूरी घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। मामले की जानकारी पीड़ित ने शहर कोतवाली पुलिस को दी है। शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
17 Sept 2026 04:18 pm
Published on:
17 Sept 2026 04:18 pm