महोबा में युवती की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। प्रेमी ने शादी तय होने से नाराज होकर साथी संग वारदात को अंजाम दिया। इधर शादी तय हो गई उधर पत्नी चली गई। जानिए प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत
महोबा जिले में एक युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि युवती की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके प्रेमी ने ही की थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके साथी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के पैर में गोली लगी है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महोबा जिले में मिली युवती की लाश के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक, मृत युवती की पहचान सुभाष नगर इलाके की रहने वाली प्रियंका के रूप में हुई थी। उसका शव मंगलवार को एक सुनसान जगह पर मिला था। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने चार अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू कराई। जांच के दौरान संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस को चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवक संदिग्ध नजर आए। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर हमला भी कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उन्हें पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित सिंह और उसके साथी धर्मेंद्र के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से युवती का मोबाइल फोन, तीन अन्य मोबाइल, एक मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
पूछताछ में सामने आया कि सुमित सिंह का युवती के साथ प्रेम संबंध था। इस रिश्ते की वजह से उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इसी बात से वह मानसिक रूप से परेशान था। वहीं, जब उसे पता चला कि युवती की शादी कहीं और तय हो गई है, तो वह गुस्से में आ गया और अपने साथी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।