महाराजगंज

पत्नी से विवाद के बाद बीच सड़क पति ने काटा अपना गला, खून की बौछार देख लोगों के उड़े होश

महराजगंज में एक युवक ने पत्नी से विवाद के बाद आत्महत्या करने की कोशिश की। युवक ने गोरखपुर-महराजगंज मुख्य सड़क के किनारे ब्लेड से अपना गला काट लिया और चिल्लाने लगा। इसके साथ ही युवक ने हाथ की नस काटने का प्रयास भी किया।

2 min read
Feature image

महराजगंज जिले में पत्नी से विवाद के बाद मंगलवार को पति ने ब्लेड से अपना गला काट लिया , खून निकलता देख वहां हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मी जख्मी हालत में इलाज के लिए परतावल सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सकों प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।

सोमवार को फंदे से लटकने की कोशिश, आज खुद काटा अपना गला

श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परसा बुजुर्ग गांव का राणा प्रताप की 2013 में शादी पूजा से हुई है। इनके तीन बच्चे भी हैं। राणा प्रताप ई-रिक्शा चलाकर परिवार की परवरिश करता है। पिछले कई दिनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था।सोमवार को भी विवाद के बाद फांसी लगाकर खुदकुशी का प्रयास किया था। मंगलवार को फिर से विवाद शुरू हो गया। पत्नी डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मायके से भी लोग पहुंच गए।मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने पति-पत्नी दोनों को पुलिस चौकी पर बुलाया। पत्नी पहले ही पहुंच गई। परतावल चौराहा पर पहुंचने के बाद ब्लॉक गेट के सामने खड़ा होकर राणा प्रताप ब्लेड से अपना गला काट लिया। ब्लेड के जख्म से गले से खून निकलने लगा।

बीच सड़क गला काटते देख मचा हड़कंप

गोरखपुर-महराजगंज रोड पर परतावल ब्लाक गेट के सामने इस घटना से सनसनी मच गई। गला काटने के बाद युवक चिल्ला रहा था। यह देख परतावल चौकी के पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। फौरन इलाज के लिए परतावल सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद युवक को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

इस मामले में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पति व पत्नी के बीच काफी दिनों से आपसी विवाद चल रहा था। एक दिन पहले वह फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। घटना के बाद उसे इलाज के लिए परतावल सीएचसी भेजा गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Published on:
19 Nov 2024 11:07 pm