
महराजगंज. यूपी के महराजगंज में स्वतंत्रता दिवस यानि 15 अगस्त के मौके पर जिले के एक मदरसे के मुअल्लिम ने राष्ट्र गान का विरोध करके राष्ट्रीय पर्व के उत्साह मे खलल डालने की कोशिश की। मदरसे में झण्डा फहराने के बाद जब राष्ट्रगान जनगणमन की बारी आयी तो मुअल्लिम ने मना कर दिया। एक वहीं के एक अध्यापक ने इसका विरोध किया, बावजूद इसके मुअल्लिम नहीं माने। पूरे घटनाक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद अब प्रशासन मदरसे के मुअल्लिम के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है।
मामला महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र का है। यहां के बड़गो ग्राम के टोला मलंगडीह स्थित मदरसा अनवारे तैबा गर्ल्स कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडारोहण के कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। मदरसे में प्रिंसिपल ने झण्डारोहण किया। पर इसके बाद जब मदरसे के ही एक अध्यापक ने राष्ट्रगान गाने की बात कही तो वहां के मुअल्लिम ने वहां राष्ट्रगान नहीं होने की बात कहकर मना कर दिया। अध्यापक का कहना था कि राष्ट्रगान गाना हर जगह जरूरी है यह मदरसे में भी अनिवार्य है, लेकिन मुअल्लिम इसकी जगह सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा गीत बच्चों से गवाने की जिद पर अड़ा हुआ था।
तनवीर तैबा स्कूल मदरसे में घटित इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो जाने के बाद स्कूल प्रबंधन के हाथ पांव फूल गए हैं। वह इसे मैनेज करने के प्रयास मे लग गया है। इधर कई संगठनों ने प्रशासन से इस पर कार्यवाही की मांग करते हुए सम्बंधित मौलाना के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलाने की मांग की है। सम्बंधित अधिकारी इस घटना पर लिपापोती करने मे लगे हैं, उनका कहना है की जांच की जा रही है। प्रथम जांच मे पाया गया कि विवाद के बाद राष्ट्रगान गाया गया। हालांकि राष्ट्रगान गाने का कोई वीडियो या इसका सबूत नहीं है। कोल्हुई के थाना प्रभारी का कहना है कि जांच की जा रही है। जो भी सच होगा उसी हिसाब से कार्यवाही की जायेगी।
By Yashoda Srivastava