अटल यादों का कलश जब राह से गुजरा, तो उन्हें प्रेरणास्त्रोत मानने वालों का हुजूम अंतिम विदाई देने के लिए पग पग पर खड़ा दिखाई दिया।
मैनपुरी। मुलायम सिंह यादव ने लखनऊ में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि विसर्जन यात्रा के दौरान श्रद्धांजलि दी और वे भावुक हो गये, वहीं उनके गढ़ मैनपुरी में अस्थि कलश यात्रा के पहुंचते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। अटल यादों का कलश जब राह से गुजरा, तो उन्हें प्रेरणास्त्रोत मानने वालों का हुजूम अंतिम विदाई देने के लिए पग पग पर खड़ा दिखाई दिया।
इंतजार में दिखा बड़ा हुजूम
भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा शुक्रवार सुबह लखनऊ स्थित भाजपा मुख्यालय से निकली। मैनपुरी की सीमा में यात्रा ने 2 बजे प्रवेश किया। मार्ग में जगह- जगह लोग श्रद्धा के सुमन लिये अपने युग पुरुष को अंतिम विदाई देने को खड़े दिखाई दिये। जन सैलाब जगह- जगह ऐसा है कि यात्रा तय समय से विलंब ही होती जा रही है। दो अलग- अलग वैन में अटल जी के फोटो के साथ अस्थिकलश लेकर भाजपा नेता पहुंचे।
फूलों की बारिश
एक अस्थिकलश यात्रा को प्रदेश के मंत्री अतुल गर्ग, पार्टी नेता देवेंद्र कुमार आदि आगरा से नोएडा होकर गढ़ मुक्तेश्वर पहुंचेंगे। जबकि दूसरी यात्रा के साथ मंत्री सुरेश राणा, धर्मवीर सिंह प्रजापति आदि चल रहे हैं। करहल में विधायक रामनरेश अग्निहोत्री और भाजपा नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। दोनों यात्राओं पर फूलों की बारिश की गई। पैक्सफेड निदे शक अशोक चौहान, डीसीबी चेयरमैन नरेंद्र सिंह राठौर, जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता आदि मौजूद थे।