24 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

झाड़ू लगाते समय सांप ने डसा, महिला ने डंडे से पीट-पीटकर मार डाला, मैनपुरी में मरे सांप के साथ पहुंची अस्पताल

Mainpuri Snake Bite Case: मैनपुरी में महिला को सांप ने डसा तो उसने डंडे से सांप को मार दिया। पति मरे सांप को थैली में रखकर पत्नी के साथ जिला अस्पताल पहुंचा।
2 min read
Google source verification
Mainpuri News

मैनपुरी में सांप के काटने के बाद अस्पताल पहुंची महिला।

Mainpuri Snake Bite Incident:उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एक अनोखी और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। शहर के गोपीनाथ अड्डा इलाके में घर में सफाई कर रही महिला को जब सीढ़ियों पर छिपे सांप ने डस लिया। इसके बाद पति अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए सांप को थैली में बंद कर सीधे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंच गया।

अस्पताल में थैली के अंदर मरा हुआ सांप देखते ही डॉक्टरों और तीमारदारों के बीच हड़कंप मच गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने तुरंत सांप को दूर हटवाया और महिला को भर्ती कर उसका इलाज शुरू किया।

रिश्तेदारों को की वीडियो कॉल

जानकारी के मुताबिक, गोपीनाथ अड्डा निवासी किरन देवी अपने घर में झाड़ू लगा रही थीं। जैसे ही वह सीढ़ियों के पास पहुंचीं, वहां मौजूद सांप ने उनके पैर में डस लिया। सांप के हमले से गुस्साई किरन ने पास पड़ा डंडा उठाया और सांप पर कई वार करके उसे मौके पर ही मार डाला। शोर सुनकर पहुंचे पति रविंद्र सिंह ने समझदारी दिखाते हुए सांप को एक प्लास्टिक की थैली में भरा और पत्नी को लेकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे।

हैरानी की बात यह रही कि सांप के काटने के बाद भी किरन बिल्कुल घबराई नहीं। उन्होंने अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती रहने के दौरान ही वीडियो कॉल करके अपने रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद किरन की हालत को खतरे से बाहर बताया और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी।

मैनपुरी में सर्पदंश के मामले बढ़े

इससे पहले मैनपुरी के दन्नाहार के देवामई और बेवर में सर्पदंश से दो लोगों की मौत हुई थी। वहीं, पिछले 15 दिनों में करीब 15 लोगों को सांप काट चुके हैं और इन सभी ने अस्पताल पहुंचकर उपचार लिया। डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि सांप के काटने पर तत्काल इमरजेंसी या योग्य चिकित्सक के पास पहुंचें। झोलाछाप और बायगीर के चक्कर में समय गंवाने से जान का खतरा हो सकता है। फिलहाल किरन देवी की हालत खतरे से बाहर है और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।