मैनपुरी

मोदी सरकार के चार साल- मंत्रीजी की देश की योजनाओं पर पूरी नजर, ​जिलों की अव्यवस्थाओं से बेखबर

नगर विकास राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव सरकार की उपलब्धियां गिनाने मैनपुरी पहुंचे। जिले के विकास के सवालों पर बचते नजर आए।

2 min read
May 30, 2018

मैनपुरी। केन्द्र सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में नगर विकास राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव मैनपुरी पहुंचे और लोगों से मुलाकात की। उन्होंने यहां पत्रकार वार्ता भी की जहां उन्हें पत्रकारों द्वारा किए गए सवालों से खुद को घिरा पाया। वे सरकार की देशहित की में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दे रहे थे लेकिन पत्रकारों ने उनसे मैनपुरी के विकास के संबध में सवाल दाग दिए जिनके वे गोलमोल जवाब देते नजर आए। साथ ही उन्होंने मैनपुरी में स्वास्थ्य सेवाओं की अनियमितताओं पर खुद को इससे अनभिज्ञ बताया।

नगर विकास राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव केंद्र सरकार के चार वर्षों की उपलब्धियां गिनाने मैनपुरी पहुंचे। जिले में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर जब उनसे सवाल किया गया तो वो जवाब देने की बजाय सवालों से ही बचते नजर आए। जब आगे और भी सवाल पूछे गए तो उन्होंने इतना कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया कि अव्यवस्था है लेकिन कोई उन्हें बताए भी तो। उन्होंने कहा कि अभी सरकार का एक साल बाकी है, जो योजनाएं अधूरी रह गई हैं, उन्हें पूरा कराया जाएगा। आपको बता दें कि मोदी सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों को गिनाने के लिए मंगलवार को प्रभारी मंत्री मैनपुरी पहुंचे थे। जहां उन्होंने ट्रांजिट हॉस्टल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि जनधन योजना अब तक की सबसे बड़ी योजना है। जिसमें ऐसे गरीब परिवारों के भी खाते खुले हैं जिन्हें तमाम तरीके की पेचीदगी बताकर बैंकों से लौटा दिया जाता था। उज्ज्वला योजना के जरिए प्रत्येक गरीब परिवार को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराकर सरकार ने महिलाओं को धुआं मुक्त रसोई मुहैया कराई है। अब सरकार आयुष्मान भारत योजना के जरिए गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ बेहतर उपचार का लाभ भी दिलाए जाने की तैयारी कर रही है।

मैनपुरी के विकास के सवाल पर गोलमोल जवाब
जहां मंत्री देश की योजनाओं के बारे में बता रहे थे तो पत्रकारों ने उनसे पूछ लिया कि ये तो आपने देश की बात की लेकिन मैनपुरी के विकास के बारे में आप क्या कहना चाहेंगे। मैनपुरी के विकास की बात पर मंत्री गोल-मोल जवाब देते नजर आए। जिले में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के सवाल पर उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि इतनी बड़ी अव्यवस्था के बारे में उन्हें किसी ने जानकारी ही नहीं दी। अब स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने के लिए कार्य होगा। दवाओं के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। दवाएं होने के बाद भी लोगों को तक क्यों नहीं ये क्यों नहीं पहुंच रही हैं अब इस बात की समीक्षा की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को दवाएं क्यों नहीं मिल पा रही हैं, इसकी भी जांच की जाएगी। मरीजों के होने वाली असुविधा के लिए जो भी जिम्मेदार होगा, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। इस मौके पर आलोक गुप्ता जिलाध्यक्ष, पूर्व विधायक अशोक चौहान, डीसीबी चेयरमैन नरेंद्र सिंह राठौर आदि मौजूद रहे।

Updated on:
30 May 2018 03:25 pm
Published on:
30 May 2018 03:22 pm
Also Read
View All