मैनपुरी

दूल्हे को देख दुल्हन के उड़े होश, शादी से किया इंकार

दुल्हन की जब नजर दूल्हे के चेहरे पर पड़ी, तो उसके होश उड़ गए।

2 min read
Jun 21, 2018
Bride refuses marriage

मैनपुरी। शहनाईंयों का शोर था, बारात दरवाजे पर आ चुकी थी। घर के लोग बारातियों का स्वागत कर रहे थे, इसी दौरान मैरिज होम की छत से दुल्हन भी अपने जीवन साथी को देखने के लिए खिड़की पर पहुंच गई। दुल्हन की जब नजर दूल्हे के चेहरे पर पड़ी, तो उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत ही शादी से इंकार कर दिया। किसी की समझ में कुछ भी नहीं आ रहा था, कि आखिर हुआ क्या, क्योंकि शादी से पहले लड़का और लड़की ने एक दूसरे को देखा था और शादी के लिए दोनों राजी थे।

ये था मामला
मैनपुरी के औंछा के मोहल्ला खरउआ निवासी राकेश गुप्ता के पुत्र अभिषेक उर्फ मोनू गुप्ता की शादी फिरोजाबाद के एक मोहल्ला निवासी लड़की के साथ तय हुई थी। शादी समारोह एक पब्लिक स्कूल औंछा में रखा गया था। दुल्हन पक्ष के तमाम रिश्तेदार तथा परिवार के लोग दुल्हन को लेकर औंछा पहुंच गए। बारात चढ़ना शुरू हो गई। बैंड बाजों के साथ बाराती मैरिज होम के दरवाजे पर पहुंच गए। जमकर आतिशबाजी हो रही थी, और बाराती जमकर नाच रहे थे। इसी दौरान दुल्हन की नजर दूल्हे के चेहरे पर पड़ी, तो उसने शादी से साफ इंकार कर दिया।

इसलिए किया इंकार
परिजनों ने जब लड़की से शादी से इंकार करने का कारण पूछा, तो उसने बताया कि लड़का वह नहीं है, जिसे देखकर वह शादी के लिए राजी हुई थी। दुल्हन के मना करते ही समारोह स्थल पर हलचल मच गई। दोनों पक्षों ने दुल्हन को बहुत देर तक समझाया, लेकिन वो जिद पर अड़ी रही। उसका कहना था कि वो अपनी जिंदगी बर्बाद नहीं करेगी। उसके साथ धोखा हो रहा है। देर रात तक लोग दुल्हन को मनाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वो नहीं मानी। इसके बाद दुल्हन गाड़ी में बैठकर अपने घर चली गई।

Published on:
21 Jun 2018 04:55 pm
Also Read
View All