मैनपुरी

पति ने क्रूरता की हदें पार कीं, पत्नी की हत्या कर शव जलाया

एलाऊ थाना क्षेत्र में शराबी और जुआरी पति ने भैया दूज के त्योहार पर अतिरिक्त दहेज की माँग पूरी न कर सकने के कारण अपनी पत्नी की हत्या कर दी।
2 min read
• •
Updated: 22 Oct 2017, 9:53 AM IST
Dowry murder
Dowry murder

मैनपुरी। एलाऊ थाना क्षेत्र में शराबी और जुआरी पति ने भैया दूज के त्योहार पर अतिरिक्त दहेज की माँग पूरी न कर सकने के कारण अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी मौके से फरार हो गए। मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर जिंदा जला देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।

2014 में हुई थी शादी
जनपद औरेया के विधूना थाना क्षेत्र के ग्राम कीरतपुर निवासी रामशंकर ने अपनी पुत्री कामिनी उर्फ किरन का विवाह 8 फरवरी, 2014 में थाना एलाऊ क्षेत्र के ग्राम नगला धाऊ निवासी बंटी उर्फ अनुज पुत्र अखिलेश के साथ किया था। अनुज गलत संगत में पड़कर शराब पीने और जुआ खेलने का आदी हो गया है। इसी लत के कारण वह ससुराल वालों से दहेज में मोटर साइकिल, सोने की जंजीर और एक लाख रुपये की मांग करने लगा था। मांग पूरी न होने पर दहेजलोभी अनुज ने कामिनी का उत्पीड़न करना शुरू कर दिया था। शादी के कुछ समय तो सब कुछ ठीक रहा लेकिन कुछ समय पश्चात अनुज उसके साथ अतिरिक्त दहेज की माँग के चलते उसको मारने पीटने लगा। भैया दौज के पवित्र दिन भी कामिनी के पति अनुज ने उससे दहेज की माँग की। कामिनी ने विरोध किया तो पति बंटी ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। उसके ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते ही कामिनी जिंदा जल गई। ग्रामीणों ने कामिनी के जल जाने की जानकारी उसके मायके वालों को दी।

पति, देवर, सास, श्वसुर पर आरोप
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतका के भाई नीलेश सागर ने बताया कि उसकी बहन को दहेजलोभियों ने अतिरिक्त दहेज की माँग पूरी न कर पाने के चलते उसकी हत्या कर जला दिया और मौके से फरार हो गए। उसकी बहन की पति अनुज, देवर विनय, सचिन, ससुर अलकेश, सास रामलली ने पहले उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। बाद में आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से शव को जलाने का प्रयास किया है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।


रिपोर्ट दर्ज
पुलिस का कहना है कि महिला के पिता की तरफ से दहेज के लिए हत्या किए जाने की तहरीर मिली है। पति समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया गया है। जाँच की जा रही। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जैसा निकल कर सामने आएगा, उसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

Published on: