
मैनपुरी। नगर निकाय चुनाव से पहले मैनपुरी पुलिस ने थाना किशनी क्षेत्र के ग्राम भगौनी में छापा मारकर एक मकान में चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस के देखते ही फैक्ट्री संचालक तो भागने में सफल रहा, लेकिन उसकी मां को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
मकान में चल रही थी असलहा फैक्ट्री
मंगलवार देर रात पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि ग्राम भगौनी में अवैध असलहों को तैयार किया जा रहा है। जिस पर थाना पुलिस ने गांव निवासी राहुल पुत्र अशोक के मकान में छापा मारा। पुलिस को देखते ही राहुल छत से कूदकर भाग निकला। पुलिस ने छानबीन की तो मकान से 315 बोर के दो तमंचे, 14 अधबने तमंचे समेत हथियार बनाने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
फैक्ट्री संचालक मौके से फरार
अवैध असलहा फैक्ट्री का संचालक राहुल मौका पाकर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी मां सुषमा को हिरासत में लिया है। सुषमा गांव में ही आंगनबाड़ी केंद्र पर तैनात हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान ने पड़ोस में रहने वाले अनिल अग्निहोत्री के घर से डेढ़ किलोग्राम से ज्यादा गांजा भी बरामद किया है।
बेवर क्षेत्र में पकड़ी गई फैक्ट्री
वहीं बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम घुटारा में भी पुलिस ने अवैध असलहा फैक्ट्री पकड़ी है, लेकिन पुलिस की दबिश के दौरान यहां से भी आरोपी भाग जाने में सफल रहे। यहां से भी पुलिस ने कई बने और अधबने असलहा बरामद किये हैं ।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी भोगांव परमानंद पांडे ने बताया कि निकाय चुनाव में किसी तरह की गड़बड़ी न हो इसी लिए एसपी के निर्देशन में ये कार्रवाई की जा रही है। अवैध असलहा बनाने वालों की धरपकड़ आगे भी जारी रहेगी।