प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने एक बार फिर सियासी हलचलों को बढ़ा दिया है।
मैनपुरी। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने एक बार फिर सियासी हलचलों को बढ़ा दिया है। कुरावली के नगला झम्मन में एक कार्यक्रम में आये शिवपाल यादव ने प्रसपा के समाजवादी पार्टी में विलय को लेकर खुलकर बोला, तो वहीं उन्होंने कहा कि प्रसपा अब मजबूती से उभर रही है। आगामी विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि सपा में विलय नहीं होगा, लेकिन..., पढ़ें पूरी खबर।
यहां देखें वीडियो, क्या बोले शिवपाल यादव....
ये बोले शिवपाल यादव
कुरावली के नगला झम्मन में प्रसपा नेता नीरज यादव के यहां कार्यक्रम में आये शिवपाल यादव ने मीडियाकर्मी के सवालों के बड़ी ही बेबाकी के साथ जवाब दिए। शिवपाल यादव से जब पूछा गया, कि अभी काफी चर्चा रही, प्रसपा के सपा में विलय होने की, तो उन्होंने कहा कि प्रसपा बहुत आगे निकल चुकी है। सपा में विलय नहीं होगा, हां वक्त ये तय जरूर करेगा कि अखिलेश यादव के साथ गठबंधन होगा या नहीं। उन्होंने कहा कि अभी चुनाव में समय है, बाकी पार्टी का संसदीय बोर्ड इस बारे में निर्णय लेगा।
सीएम योगी हैं मेहनती
शिवपाल यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेहनती और ईमानदार हैं, लेकिन नौकरशाही उनके कब्जे में नहीं है। प्रदेश में अपराध की बाढ़ आ गई है। हत्या और लूट जैसी वारदातों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। कानून व्यवस्था में सुधार की बड़ी आवश्यकता है। वहीं शिवपाल यादव ने कहा कि 2022 में प्रसपा अपनी दम पर चुनाव लड़ेगी और भारी बहुमत के साथ जीत भी हासिल करेगी।
ये रहे मौजूद
प्रसपा महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्चना राठौर, पूर्व मंत्री सुभाष चंद यादव, पूर्व चेयरमैन जिला सहकारी बैंक डॉ. रामकुमार यादव, प्रदेश अध्यक्ष ब्राह्मण समाज किशन दुबे, जिलाध्यक्ष वोट सिंह यादव, जिला महासचिव अरविंद यादव, अनुज यादव, प्रदीप यादव नेताजी, विकास यादव, टिंकू यादव, रजनीश यादव, लालू, जिला महासचिव सुभाष कठेरिया आदि मौजूद रहे।