
मैनपुरी। अखिलेश और मायावती की दोस्ती को सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का समर्थन मिलने के बाद सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव ने भी इस गठबंधन को लेकर बयान दिया है। शिवपाल का कहना है कि ये गठबंधन भाजपा को हटाने के लिए है और 2019 के चुनाव में निश्चित रूप से भारतीय जनता पार्टी सत्ता से बाहर हो जाएगी। शिवपाल यादव मैनपुरी जिले के करहल कस्बे में आए हुए थे। आपको बता दें कि मंगलवार को मुलायम सिंह यादव ने भी इस गठबंधन को अच्छी कोशिश बताते हुए इसका समर्थन किया था। साथ ही इस गठबंधन को लोकसभा चुनाव में दिल्ली तक पहुंचने में कारगर बताया था।
घबराई हुई है भाजपा
शिवपाल यादव का कहना है कि सपा और बसपा का गठबंधन भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए हुआ है। इससे भाजपा घबराई हुई है। उन्होंने कहा ये गठबंधन निश्चित रूप से बीजेपी को सत्ता से बाहर कर देगा।
भ्रष्टाचार, महंगाई और जीएसटी से परेशान है देश
शिवपाल यादव ने बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि भाजपा के राज में भ्रष्टाचार, महंगाई और जीएसटी से पूरा देश परेशान है। देश और प्रदेश की जनता का जीना दूभर हो रहा है इसलिए इस सरकार अब हर हाल में जाना ही है। वहीं जब उनसे पत्रकारों ने 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा—बसपा गठबंधन की सीटों के अनुमान के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि इमरजेंसी का समय तो याद होगा आपको। उस समय इंदिरा गांधी भी हार गईं थीं, अब तो उस समय से भी ज्यादा उत्पीड़न है।
पीड़ितों को नहीं मिल रहा न्याय
शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में पीड़ित को न्याय नहीं मिल रहा है। न तो थानों में और न ही तहसीलों में न्याय मिल रहा है। पीड़ित मुख्यमंत्री से मिल ही नहीं पा रहे हैं और अगर मिलते भी हैं तो कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। वहीं उन्नाव गैंगरेप मामले पर शिवपाल ने कहा कि इस मामले में पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए।