
मैनपुरी। कुरावली थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर कार की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि एक युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से गुस्साए लोगों ने जीटी रोड पर जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने मामला शांत कराने का प्रयास किया, तो बात बिगड़ गई। आक्रोशित लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर खदेड़ दिया। सूचना मिलते ही अतरिक्त पुलिसबल मौके पर आ गया। पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ दिया।
यहां का है मामला
ये मामला मैनपुरी के कुरावली क्षेत्र का है। यहां नगला सुम्मेर निवासी सौरभ अपनी रिश्तेदार रोली और नेमा को लेकर बाइक से जा रहा था। जीटी रोड पर पीछे से आ रही कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी, कि तीनों ही बाइक सहित काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में बुरी तरह घायल तीनों तड़प रहे थे, राहगीरों ने जब ये नजारा देखा, तो उनमें गुस्सा फूट पड़ा।
पुलिस टीम पर पथराव
लोगों ने पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पुलिस के समय से न पहुंचने पर लोगों ने जाम लगाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, तो बात बनने के बजाए बिगड़ गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोका, तो पुलिस टीम पर पथराव कर दिया गया। पुलिस टीम पर पथराव की सूचना मिलते ही अन्य थानों का पुलिसबल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने बलप्रयोग कर भीड़ को खदेड़ दिया।
घायलों की हालत गंभीर
उधर हादसे में घायल हुए सौरभ और रोली को उपचार के लिए कुरावली सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, वहीं पुलिस टीम पर पथराव को लेकर भी पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने 14 बाइकों को कब्जे में लिया है।