
अगर आप अपने जीवन में सफलता प्राप्त करना चाहते हैं तो आपको दर्द को अपना दोस्त बनाना होगा।
कॅरियर भी कुछ-कुछ जिंदगी जैसा ही होता है। जिंदगी की तरह ही कॅरियर में भी काफी उतार-चढ़ाव, सफलता-विफलता देखने के बाद ही कामयाबी मिलती है। हालांकि, जिंदगी की ही तरह कॅरियर का सफर भी आपको नाकामयाबी से उबरना सिखाता है। इसमें आप सीखते हैं कि कैसे कई बार गिरकर भी आपको खड़े होना है और अपने सपनों को पूरा करना है। करियर में भी कई बार ऐसे मोड़ आते हैं जब इंसान थक कर हार मानने लगता है, लेकिन असल में वही समय होता है एक बार फिर उठ खड़े होने का, एक और कोशिश करने का।
आप हार मानना चाहेंगे
जैसे-जैसे आप अपने सफर पर आगे बढ़ेंगे, वैसे ही आप खुद को ज्यादा खोया हुआ और निराश महसूस करेंगे। ऐसे समय में आप अपने लक्ष्य से पीछे हटना चाहेंगे क्योंकि आपका आत्मविश्वास डगमगा रहा होगा। हालांकि, यही वह समय होगा जब आपको अपने लक्ष्य के प्रति अडिग रहना होगा और खुद को प्रोत्साहित करना होगा।
खुद पर शक करेंगे
जब आप कोई नया काम शुरू करेंगे तो दस में से नौ बार आप खुद पर शक करेंगे। हो सकता है कि आपको आपके ज्ञान, लिए जा चुके फैसलों और अपने सहज ज्ञान पर संशय हो। इससे आप आगे बढऩे के लिए खुद से लड़ेंगे। ऐसा इसलिए होगा क्योंकि आप गलत फैसले नहीं लेना चाहते।
आप विफल जरूर होंगे
सफलता के सफर में मंजिल को ढूंढ़ते समय रिस्क लेना बहुत जरूरी होता है। आपको डर लगता है लेकिन आपको इतना ज्यादा सोचने और चिंता करने की जरूरत नहीं होती। सफलता के लिए विफल होना जरूरी है।
रिश्ते खो देंगे
जब आप सफलता की राह पर चल रहे होंगे तो ऐसे कुछ लोग आपका साथ देना नहीं चाहेंगे। हो सकता है कि इस दौरान आप कुछ रिश्तों को समय न दे पाएं जिसकी वजह से वह टूट जाएं लेकिन आपको यह दर्द सहना होगा।