मंडला

Mandla में CM के कार्यक्रम से पहले कांग्रेस का विरोध, कई कार्यकर्ता नजरबंद

Congress Protest: मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कांग्रेस और छात्र संगठनों का विरोध, कई कार्यकर्ता नजरबंद, छात्रों की समस्याओं का ज्ञापन देने जा रहे एनएसयूआई-युवा कांग्रेस कार्यकर्ता भी हिरासत में लिए गए।
2 min read
• •
Updated: 4 Oct 2026, 7:06 PM IST
Mandla Congress Protest
congress protest black flags, विरोध प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता (Source-Patrika)

Mandla Congress Protest: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के रविवार को मंडला दौरे के दौरान कांग्रेस और छात्र संगठनों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता काले झंडे लेकर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने जिला कांग्रेस कार्यालय के पास ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोककर नजरबंद कर लिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन की नीतियों के विरोध में नारेबाजी की और मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने का प्रयास किया।

प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोका

छात्रों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने जा रहे एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने जेल घाट के पास रोककर हिरासत में लिया। दोपहर करीब दो बजे एनएसयूआई नगर अध्यक्ष अंकित रजक, प्रशांत बर्मन, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता संजय आर्मो और शुभम तिवारी कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहे थे। पुलिस कार्रवाई के बाद युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष कोविद सिंह ठाकुर सहित पदाधिकारियों ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखना लोकतांत्रिक अधिकार है। कार्यकर्ताओं को रोककर थाने में रखने की कार्रवाई की उन्होंने निंदा की। इसी तरह गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं करने दी गई। संगठन के कार्यकर्ता जिले की शिक्षा व्यवस्था और कॉलेज से जुड़ी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपना चाहते थे।

इन नेताओं को किया नजर बंद

नजरबंद किए गए नेताओं में बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ अशोक मर्सकोले, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट राकेश तिवारी, निवास विधायक चैन सिंह वरकड़े, जनपद अध्यक्ष सोनू भलावी, इंद्रजीत भंडारी, बाबा दुबे सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। बता दें कि मंडला पहुंचे सीएम मोहन यादव ने आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न वन मंडलों के अंतर्गत 9 लाख से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों को लगभग ₹36.17 करोड़ की बोनस राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया।

Updated on:
4 Oct 2026, 7:06 PM IST
Published on: