जिले में नहीं चली एक भी बस, नहीं मिले चालक-परिचालक
मंडला. शुक्रवार को बस ऑपरेटर्स की हड़ताल समाप्त हो चुकी है। मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा 5 सितंबर से प्रदेश में बस संचालन शुरू करने की घोषणा की गई। जिसके चलते जिले में भी माहिष्मति बस एसोसिएशन ने बसों के संचालन को हरी झंडी दिखाई। इसके बावजूद कल जिले भर में एक भी बस नहीं चली। दरअसल पिछले कुछ दिनों से मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के पदधिकारियों की प्रदेश शासन और संबंधित अधिकारियों से चर्चा चली। जिसके दौरान निर्णय लिया गया था कि बस ऑपरेटरों का अप्रैल से अगस्त तक का टैक्स माफ किया गया है। सितंबर का 50 प्रतिशत टैक्स लिया जाएगा। यही कारण है कि बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने शनिवार से बस संचालन की तैयारी कर ली थी लेकिन जिले में एक भी बस नहीं चलाई गई क्योंकि पिछले 5 महीनों से बस स्टैंड एवं अलग-अलग स्थानों पर बस वाहनों के खड़े रहने के कारण उनमें मेंटेनेंस के लिए हजारों रुपए का खर्च होना है। कोरोना संकट के दौरान जिले के सभी बस ऑपरेटर्स बेहद आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं। मेंटेनेंस के लिए हजारों रुपए तत्काल खर्च करना फिलहाल संभव नहीं। यही कारण है कि कल जिले में एक भी बस नहीं चली।
एक भी कर्मचारी नहीं
अप्रैल 2020 से बसों का संचालन नहीं होने के कारण बसें स्टैंड में यथावत खड़ी हैं। इससे बस चालक, परिचालक, क्लीनर, मिस्त्री एवं अन्य कर्मचारी बेरोजगार हो गए। घर परिवार चलाने के कारण उन्होंने छोटे-मोटे साधारण व्यवसाय शुरू किए ताकि रोजी रोटी की व्यवस्था कर सकें। शनिवार को बस ऑपरेटरों को बस चालक, परिचालक उपलब्ध नहीं हुए और एक भी बस का संचालन नहीं किया जा सका। हालांकि एक दो बस ऑपरेटरों ने बस संचालन करने की हिम्मत जुटाई लेकिन एक भी यात्री के बस स्टैंड नहीं पहुंचने के कारण बस ऑपरेटर निराश ही रहे।
फैक्ट फाइल:
रूट बस संख्या
मंडला-जबलपुर रूट 55
मंडला-सिवनी रूट 15
मंडला-नागपुर रूट 10
मंडला-डिंडोरी रूट 15
मंडला-रायपुर रूट 08