उपचार के साथ गर्मी से भी होना पड़ रहा दो चार, कोई घर से ला रखा कूलर तो कोई पंखा, कटौती ने बढ़ा रखी परेशानी। वर्तमान में जिले में 40 डिग्री के आसपास तापमान बना हुआ है और इस दौर में बिजली की कटौती ने भी अस्पताल में भर्ती मरीजों की परेशानी बढ़ा रखी है।
मंदसौर. भीषण गर्मी के इस दौर में दो दिन से चल रही हवाओं ने फोरी राहत भले ही दी हो लेकिन जिला अस्पताल में गर्मी से मरीजों व उनके साथ पहुंचे परिजनों का हाल बेहाल है। वार्ड में लगे बड़े कूलर भी गर्मी से राहत नहीं दे पा रहे है। इसके चलते कई लोग अपने घरों से कूलर व पंखे लेकर यहां पहुंचे है।
गर्मी के इस दौर में लू के अलावा उल्टी-दस्त के मरीज ही वार्ड में अधिक भर्ती और यहां भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। ऐसे में उपचार के साथ गर्मी का सामना भी लोगों को करना पड़ रहा है। वर्तमान में जिले में 40 डिग्री के आसपास तापमान बना हुआ है और इस दौर में बिजली की कटौती ने भी अस्पताल में भर्ती मरीजों की परेशानी बढ़ा रखी है।
उल्टी-दस्त की बीमारी के सबसे अधिक मरीज
जिला अस्पताल में गर्मी के इस दौर में मरीजों की भरमार है। सबसे अधिक मरीज उल्टी-दस्त से लेकर लू की परेशानी के है। जिनका उपचार किया जा रहा है। एक ओर लू की परेशानी से उपचार के लिए यहां पहुंचे और दूसरी और वार्ड में भी गर्मी से मरीजों का हाल बेहाल है। इसके चलते कई मरीज अपने घरों से कूलर लेकर यहां पहुंचे है। हालंाकि अस्पताल प्रशासन ने भी वार्ड में बड़े कूलर लगा रखे है।
हवा ने दो दिन से दी राहत
भीषण गर्मी के दौर में दो दिनों से चल रही हवाओं ने कुछ हद तक गर्मी से राहत दी है। अधिकतम तापमान जहां 43 डिग्री तक पहुंच गया था। वहीं हवाएं चलने का दौर शुरू हुआ तो तापमान लुढकऱ 40 डिग्री तक रह गया। तीन डिग्री तापमान कम होने से धूप की तेजी और गर्मी का असर कम हुआ है। इससे जिलेवासियों की चल रही हीटवेव से राहत मिली है। हालांकि गर्मी का दौर अब भी जारी है। दो दिनों से 8 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से शहर सहित जिले में हवाएं चल रही है।
कटौती ने बढ़ा रखी परेशानी
गर्मी के दौर में खपत बढऩे के साथ ट्रांसफार्मर पर लोड बढऩे के कारण बिजली की ट्रिपिंग के अलावा फाल्ट के साथ प्री-मानसून मेंटेनेंस में हो रही बिजली कटौती ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा रखी है। हर दिन कटौती का दौर जारी है। अस्पताल में कटौती के दौरान गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो रहा है। शहर के अभिनंदन क्षेत्र में यह समस्या सबसे अधिक हो रही है। तमाम दावों के बाद भी बिजली कंपनी का अमला गर्मी के इस दौर में सुचारू रूप से बिजली की आपूर्ति नहीं कर पा रहा है।