मंदसौर

की बाटम-नौ पदों की भर्ती में तारीखों का खेल! अंतिम तिथि के बाद आए आवेदन भी हुए स्वीकार

शिक्षा व्यवस्था की निगरानी और स्कूलों के बेहतर संचालन की जिम्मेदारी संभालने वाले बीआरसी और एपीसी पदों की चयन प्रक्रिया ही सवालों के घेरे में आ गई है।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 4:02 PM IST
नौ पदों की भर्ती में तारीखों का खेल! अंतिम तिथि के बाद आए आवेदन भी हुए स्वीकार

मंदसौर। जिले के नौ पदों के लिए आवेदन बुलाए गए, परीक्षा कराई गई और परिणाम के बाद नियुक्ति आदेश जारी करने की तारीख भी तय कर दी गई, लेकिन आदेश अब तक जारी नहीं हुए। पड़ताल में सामने आया कि आवेदन की अंतिम तारीख 25 सितंबर होने के बावजूद कई आवेदनों पर 26 और 28 सितंबर की तारीख दर्ज है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अंतिम तिथि के बाद पहुंचे आवेदन चयन प्रक्रिया में शामिल कैसे हुए? मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने डीपीसी से स्पष्टीकरण भी मांगा है।

जानकारी के अनुसार जिले में पांच बीआरसी और चार एपीसी के कुल नौ पदों के लिए 25 सितंबर तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 9 अक्टूबर को आवेदनों की स्क्रूटनी, 21 अक्टूबर को लिखित परीक्षा और 24 अक्टूबर को उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना था। इसके बाद 30 अक्टूबर को नियुक्ति आदेश जारी किए जाने थे। लेकिन तय समयसीमा बीतने के बाद भी चयन प्रक्रिया का अंतिम परिणाम सामने नहीं आया।

14 आवेदनों की तारीखों ने खड़े किए सवाल

सबसे गंभीर सवाल आवेदन की तारीखों को लेकर है। सामने आई जानकारी के अनुसार कुल 25 आवेदनों में से 12 पर 26 सितंबर और दो पर 28 सितंबर की तारीख दर्ज है। यानी 14 आवेदन निर्धारित अंतिम तिथि के बाद के दिखाई दे रहे हैं। यदि आवेदन 25 सितंबर के बाद प्राप्त हुए तो उन्हें स्वीकार करने का आधार क्या था? क्या सभी आवेदनों की एक समान प्रक्रिया से जांच हुई या कुछ को विशेष छूट दी गई? विभाग का तर्क है कि अवकाश के कारण कार्यालय स्तर पर प्रविष्टि में देरी हुई। हालांकि 25 सितंबर को भी अनंत चतुर्दशी का अवकाश था। ऐसे में विभाग के इस स्पष्टीकरण से सवाल पूरी तरह खत्म नहीं होते।

जवाबदेही पर भी सवाल

डीईओ पंकज जाट ने बताया कि आवेदनों पर अलग-अलग तारीखों को लेकर डीपीसी से स्पष्टीकरण लिया गया था। कार्यालय स्तर पर देरी होना बताया गया है। वहीं डीपीसी अनिल कुमार पटेल का कहना है कि सभी आवेदन समय पर प्राप्त हुए थे, कार्यालय स्तर पर देरी हुई है। नियुक्ति आदेश जल्द जारी किए जाएंगे।

Updated on:
28 Nov 2026, 4:02 PM IST
Published on: