
मंदसौर.
गरोठ क्षेत्र में बुधवार की दोपहर मौसारा कार्यक्रम से वापस लौट रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलटी खा गई। बस में करीब ७० लोग सवार थे, इसमें से २७ यात्री घायल हुए। बस पलटने के बाद एक यात्री ने बस के कांच फोड़कर सभी घायलों को बस से बाहर निकाला। जानकारी अनुसार बुधवार की दोपहर सेमरोल व पीपलखेड़ा के बीच मोड़ पर जय भवानी यात्री बस पलटी खा गई। इसके बाद दशरथ मीणा निवासी पिरोनिया ने घायलो को बस के कांच तोड़कर बस से बाहर निकाला। बस में सवार मानसिंह पिता मांगीलाल मीणा निवासी पिरोनिया ने बताया कि दशरथ मीणा के यहां से वरदीलाल मीणा निवासी बरखेड़ा के यहां मौसारा लेकर गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय यह दुर्घटना हुई। सेमरोल व पीपलखेड़ा के बीच एमरोच के पास मोड पर बस अनियंत्रित होकर पलटी खा गई। बस ड्रायवर ओमप्रकाश पिता रामेश्वर मीणा निवासी पिरोनिया चला रहा था। सूचना पर १०० डॉयल व १०८ एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को निजी वाहनों व एंबुलेंस के माध्यम से गरोठ शासकीय चिकित्सालय लाया गया। यहां सभी घायलो को उपचार जारी है। समाचार लिखे जाने दोपहर २ बजे तक ४ गंभीर घायलों को रैफर किया जा चुका था। मौके पर तहसीलदार अजय पाठक, राजेश सेठिया, दिनेश पाटीदार ने पहुंचकर व्यवस्था संभाली और कई व्यापारियों ने घायलों व परिजनों के लिए पेयजल की व्यवस्था की।
----------------------------
बार संचालक को एक साल का कारावास और ३० हजार रूपए को जुर्माना
मंदसौर.
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एसके सुर्यवंशी ने अवैध रूप से शराब रखने एवं उसका विक्रय करने पर बार संचालक को एक साल का कारावास एवं ३० हजार रूपए जुर्माने की सजा सुनाई है। एडीपीओ नितेश कृष्णन ने बताया कि तड़का बार संचालक राजेंद्र चावला को अवैध शराब रखने एवं उसका विक्रय करने पर दोषी मानते हुए एक साल का सश्रम कारावास एवं तीस हजार रूपए जुर्माने से दंडित किया गया है। उन्होंने बताया कि २४ नवबंर २००८ को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि पुलिस लाइन के सामने स्थित तड़का शराब बार में संचालक राजेंद्र चावला ने अवैध रूप से शराब रखी है और शराब पीला रहा है। इस पर पुलिस ने बार पर छापा मारा था। कार्रवाई में पुलिस ने १६० पेटी अंग्रेजी शराब की बोतल एवं १३ पेटी बीयर जप्त की थी।