
Mandsaur Sarpanch Ramprasad Meena Dies: मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, यहां भानपुरा जनपद के ग्राम कैलाशपुर पंचायत में उपचुनाव में 5 दिन पूर्व बने निर्वाचित सरपंच रामप्रसाद मीणा का हार्ट अटैक के कारण आकस्मिक निधन हो गया है। सरपंच के अकस्मात निधन से परिवार व गांव में शोक की लहर है। बता दें कि इससे पहले पूर्व सरपंच रमेशचंद्र गायरी का भी हार्ट अटैक से निधन होने के कारण गांव में उपचुनाव हुआ था।
भानपुरा जनपद पंचायत कि ग्राम पंचायत कैलाशपुर के सरपंच पद के उपचुनाव के लिए बीते दिनों मतदान हुआ था। पांच दिन पहले तीन अक्टूबर को मतों की गिनती हुई और सरपंच उम्मीदवार रामप्रसाद मीणा भारी मतों से विजयी हुए थे। रामप्रसाद मीणा ने अपने विरोधियों पर 450 से अधिक वोटों से एकतरफा जीत दर्ज की थी। रामप्रसाद मीणा के सरपंच बनने के बाद गांव में खुशी का माहौल था, लेकिन गुरूवार (8 अक्टूबर) को अचानक रामप्रसाद मीणा का हार्ट अटैक से निधन होने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
रामप्रसाद मीणा सरपंच पद पर चुनाव जीतने के बाद सरपंच पद का पदभार भी ग्रहण नहीं कर पाए थे। उनके आकस्मिक निधन से परिवार पर उनके समर्थकों में शोक का माहौल है। बता दें कि कैलाशपुरा ग्राम पंचायत में हार्ट अटैक से सरपंच से मौत होने की ये दूसरी घटना है। इससे पहले पूर्व सरपंच रमेशचंद्र गायरी का भी हार्ट अटैक से ही आकस्मिक निधन हो गया था और इसी के चलते कैलाशपुरा पंचायत में उपचुनाव हुआ था। स्थानीय नेताओं ने रामप्रसाद मीणा के निधन पर शोक जताया है।