मंदसौर

गर्मी से पहले ही जलसंकट की आहट, पांच माह पहले कुओं पर कब्जा

शहर में पर्याप्त जलापूर्ति के नगरपालिका के दावों के बीच जलसंकट से निपटने की तैयारियां कुछ और ही कहानी बयां कर रही हैं। गर्मी आने में अभी समय है
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 6:19 PM IST
जलसंकट की आहट

मंदसौर। शहर में पर्याप्त जलापूर्ति के नगरपालिका के दावों के बीच जलसंकट से निपटने की तैयारियां कुछ और ही कहानी बयां कर रही हैं। गर्मी आने में अभी समय है, लेकिन नगरपालिका ने पांच माह पहले ही तेलिया तालाब के समीप स्थित कुओं का अधिग्रहण कर लिया है। आमतौर पर शिवना नदी का पानी कम होने और मई-जून में संकट गहराने के बाद इन जलस्रोतों को अधिग्रहित किया जाता था। इस बार नवंबर में ही यह नौबत आ गई है। नगरपालिका ने बिजली कंपनी को पत्र लिखकर इन कुओं के बिजली कनेक्शन काटने के लिए भी कहा है। फिलहाल इनका पानी पेयजल सप्लाई में नहीं लिया जा रहा है, लेकिन अग्रिम तैयारी के नाम पर अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

अपव्यय किया तो मौके पर लगेगा जुर्माना

जलसंकट के बीच नगरपालिका ने पानी की बर्बादी रोकने के लिए विशेष टीम गठित की है। यह टीम जलापूर्ति के दौरान फील्ड में भ्रमण करेगी। कहीं भी पानी का अपव्यय मिलता है तो मौके पर ही स्पॉट फाइन की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा शिवना और चंबल के साथ शहर के कुएं, बावड़ियों और नलकूपों को भी वैकल्पिक जलस्रोत के रूप में तैयार किया जा रहा है। इनकी सफाई कराकर पेयजल व्यवस्था से जोड़ने की योजना है।

चंबल के पंप भी अभी से चलाने पड़े

गर्मी में शहर की प्यास बुझाने के लिए नगरपालिका को चंबल पर निर्भर रहना पड़ता है। यहां से दो पंपों के जरिए पानी मंदसौर लाया जाता है। इस बार जलसंकट की आशंका के चलते चंबल के पंप भी अभी से चलाने पड़ रहे हैं। फिलहाल एक पंप संचालित है, जबकि गर्मी में तीन में से दो पंप चलाए जाते हैं। यदि जलस्तर इसी तरह घटता रहा तो गर्मी के दिनों में चंबल से पानी लाने की चुनौती भी बढ़ सकती है।

बांध में पांच फीट पानी कम, 39 जलस्रोत चिह्नित

जलसंकट की गंभीरता का अंदाजा कालाभाटा बांध के जलस्तर से लगाया जा सकता है। 26 नवंबर 2025 को बांध में 21 फीट पानी था, जबकि इस साल इसी तारीख को केवल 16 फीट पानी बचा है। यानी पिछले साल के मुकाबले पांच फीट कम पानी है। इसी स्थिति को देखते हुए नगरपालिका ने 39 कुएं-बावड़ियों को चिह्नित किया है। साथ ही 29 चालू नलकूपों से भी पेयजल वितरण की योजना बनाई है। फिलहाल 27 कुएं-बावड़ियों में मोटर लगाकर पानी सप्लाई किया जा रहा है। जलस्रोतों की यह वैकल्पिक व्यवस्था बताती है कि नगरपालिका इस बार गर्मी से पहले ही जलसंकट से निपटने की तैयारी में जुट गई है।

जलकर समिति के सभापति निलेश जैन के अनुसार जलसंकट की स्थिति ना बने इसके लिए अभी से जलस्रोतों के अधिग्रहण का प्रस्ताव भेजा था, जिसकी मंजूरी मिल गई है। दो बार बिजली कंपनी को अधिग्रहित जलस्रोतों के कनेक्शन काटने पत्राचार किया जा चुका है। इसके अलावा पानी के अपव्यय को रोकने टीम को तैनात किया है जो समझाइश के साथ स्पॉट फाइन भी लगा रही है।

Updated on:
27 Nov 2026, 6:19 PM IST
Published on: