
नई दिल्ली। कोंडागांव जिले में कुछ ऐसा हुआ जिसे सुनकर और देखकर सब चौंक गए। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में जब सड़क निर्माण के लिए खुदाई हो रही थी। तभी वहां जो मजदूर खुदाई कर रहे थे उनके फावड़े से कुछ टकराने की आवाज सुनाई दी। जब सारे मजदूरों ने मिलकर उस जगह पर एक-साथ खुदाई करनी चालू की तो सभी मजदूरों की आंखें फटी रह गई। दरअसल खुदाई के दौरान जमीन के नीचे से सोने-चांदी के सिक्कों और गहनों से भरा घड़ा निकला।
घड़े से निकले 57 सोने के सिक्के
10 जुलाई को कोरकोटी व बेड़मा गांव के बीच सड़क निर्माण के लिए मजदूर खुदाई कर रहे थे, इसी दौरान एक महिला मजदूर को फावड़े से कुछ टकराने की आवाज सुनाई दी। तभी थोड़ी देर और खुदाई करने पर वहां सोने-चांदी के सिक्कों और गहनों से भरा घड़ा निकल पड़ा। इस सोने-चांदी के घड़े को देखकर मजदूरों ने जिला प्रशासन को सूचित किया। वहां पहुंची जिला प्रशासन की टीम ने घड़े को जब्त कर लिया है। टीम ने यह बताया है की जमीन के नीचे जो घड़ा मिला है उसमें 57 सोने के सिक्के, चांदी का एक सिक्का और एक कान की एक बाली रखी हुई थी।
12वीं और 13वीं शताब्दी का है खजाना
वहां पहुंची जिला प्रशासन की टीम का कहना है की सोने-चांदी के सिक्को से भरे घड़े को जांच के लिए भेज दिया गया है। प्राथमिक जांच के नतीजों के अनुसार ये सिक्के 12वीं और 13वीं शताब्दी के हैं। सिक्कों पर लिखी प्रचलित लिपि 12वीं और 13वीं शताब्दी की है। यह लिपि कालखंड में यादव वंश के साम्राज्य की है। जिला कलेक्टर नीलकण्ठ टीकाम ने बताया कि पुरातात्विक महत्व के सभी सिक्कों के मिलने की जानकारी शासन और पुरातत्व विभाग को दे दी गई है। अब राज्य का पुरातत्व विभाग इन सिक्कों की पूर्ण जांच करेगा। ताकि इससे संबंधित और जानकारी सामने लाई जा सके और इन सिक्कों के वास्तविक कालखंड आदि का पता लगाया जा सके।
ये है सोने की कीमत
वैसे जो खजाना जमीन के नीचे से मिला उसकी कीमत का अंदाजा लगा पाना काफी मुश्किल है। पुरातत्व विभाग की आेर से अभी तक सोने के सिक्कों की कीमत के बारे में जानकारी नहीं दी है। जानकारों की मानें तो एेसे खजाने की कीमत करोड़ों रुपयों में होती है। अगर मौजूदा समय में सोने की कीमत के बारे में बताया जाए तो 31500 प्रति ग्राम चल रहा है। अगर उन सिक्कों कीमत आज से सोने के दाम से लगार्इ जाए तो भी लाखों में उनकी कीमत होगी।