
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोमवार को सोने के दाम में तीन साल की सबसे बड़ी गिरावट का असर मंगलवार 09 अक्टूबर 2018 दिल्ली सर्राफा बाजार में देखा गया, जहां पीली धातु 220 रुपए लुढ़ककर एक सप्ताह से ज्यादा के निचले स्तर 31,500 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गई। चांदी 50 रुपए फिसलकर 39,250 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। लंदन और न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को वहां सोना 1.2 फीसदी टूट गया। यह अगस्त 2015 के बाद की सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट है। कारोबार के दौरान एक समय सोना हाजिर 1,183.19 डॉलर प्रति औंस पर भी आ गया था। हालांकि, मंगलवार को वापसी करता हुआ यह 1.20 डॉलर की बढ़त में 1,188.90 डॉलर प्रति औंस बिका। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा भी मंगलवार को 3.8 डॉलर की मजबूती के साथ 1,192.4 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि कुल मिलाकर सोने का परिदृश्य अभी बेहतर बना हुआ है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की ओर से चीन का विकास अनुमान घटाने से मंगलवार को एशियाई बाजारों में बिकवाली का जोर रहा। इससे पीली धातु में थोड़ा सुधार देखा गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर 0.04 डॉलर की बढ़त में 14.39 डॉलर प्रति औंस पर रही।
स्थानीय बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट
स्थानीय बाजार में सोने-चांदी में लगातार दूसरे दिन गिरावट रही। सोना स्टैंडर्ड 220 रुपए लुढ़ककर 01 अक्टूबर के बाद के निचले स्तर 31,650 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के साथ 31,500 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,600 रुपए पर टिकी रही। चांदी पर दबाव कम रहा। चांदी हाजिर 50 रुपए फिसलकर 39,250 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकी। चांदी वायदा 120 रुपए टूटकर 38,735 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 74 हजार और 75 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे।
दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)
- सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 31,650
- सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 31,500
- चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 39,250
- चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 38,735
- सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 74,000
- सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 75,000
- गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,600