Share Market News

दिवाली से एक दिन पहले सस्ता हुआ सोना, अचानक इतनी लुढ़क गई कीमत

06 नवंबर 2018 को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना चांदी का हाल।
2 min read
Nov 06, 2018
Gold and Silver
दिवाली से एक दिन पहले सस्ता हुआ सोना, अचानक इतनी लुढ़क गई कीमत

नई दिल्ली। वैश्विक बाजार में रहे उतार-चढाव के बीच धनतेरस के बाद मांग कमजोर पड़ने से दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार 06 नवंबर 2018 को सोना 80 रुपए लुढ़ककर 32,610 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। इस दौरान औद्योगिक मांग कमजोर पड़ने से चांदी भी 240 रुपए का गोता लगाती हुई 39,300 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में लंदन का सोना हाजिर आज 0.50 डॉलर की गिरावट में 1,230.40 डॉलर प्रति औंस बोला गया। हालांकि, दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा 0.30 डॉलर की तेजी में 1,232.60 डॉलर प्रति औंस बोला गया। इस दौरान चांदी 0.04 डॉलर की तेजी में 14.66 डॉलर प्रति औंस बोली गई।

अमरीका में मध्यावधि चुनाव के कारण सतर्कता बरत रहे निवेशक

बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर की मजबूती से वैश्विक बाजार में पीली धातु पर दबाव बढ़ा है लेकिन अमरीका के मध्यावधि चुनाव से पहले निवेशकों के सतर्कता बरतने से इसमें मिश्रित रुख रहा है। निवेशकों को आशंका है कि मध्यावधि चुनाव के बाद अमरीका में राजनीतिक अनिश्चितता आ सकती है। ऐसे माहौल में निवेशक सुरक्षित निवेश को तरजीह देते हैं। घरेलू बाजार में धनतेरस के मौके पर सोमवार को कारोबार सुस्त रहा। कारोबारियों के मुताबिक, खरीदारों ने ज्यादातर सोने और चांदी के सिक्कों में दिलचस्पी दिखाई।

चांदी ने भी लगाया गोता

खुदरा मांग सुस्त पड़ने से सोना स्टैंडर्ड 80 रुपए उतरकर 32,610 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के साथ 32,460 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। हालांकि, इस दौरान गिन्नी 24,900 रुपए प्रति आठ ग्राम टिकी रही। औद्योगिक मांग कम होने से चांदी हाजिर 240 रुपए फिसलकर 39,300 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। इस दौरान चांदी वायदा 240 रुपए की गिरावट में 38,440 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्कों की मांग सामान्य रहने से सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 76,000 और 77,000 रुपये प्रति सैंकड़ा पर टिके रहे।

दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)

- सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 32,610

- सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 32,460

- चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 39,300

- चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 38,440

- सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 76,000

- सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 77,000

- गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,900

Updated on:
06 Nov 2018 04:56 pm
Published on:
06 Nov 2018 04:56 pm