Share Market News

तीन सप्ताह बाद चांदी की कीमतों में गिरावट, सोने की चमक बरकरार

सोने-चांदी की कीमतों की साप्ताहिक समीक्षा।
1 minute read
Oct 14, 2018
Jaipur junction ats karwai
gold kharidne ka muhurat

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने में रही तेजी और स्थानीय बाजार में त्योहारी मांग आने से बीते सप्ताह दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 150 रुपए चमककर 32,050 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। इस दौरान औद्योगिक मांग घटने से चांदी 400 रुपए की गिरावट मेंं 39,400 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। लंदन और न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, गत सप्ताह सोना हाजिर 14.70 डॉलर की बढ़त में शुक्रवार को सप्ताहांत पर 1,218.10 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा भी 14.90 डॉलर की तेजी में सप्ताहांत पर 1,221.60 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

डॉलर के कमजोर पड़ने से चमका सोना

बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के कमजोर पड़ने से पीली धातु को बल मिला है। इस बीच विदेशों में चांदी हाजिर 0.05 डॉलर की गिरावट के साथ सप्ताहांत पर 14.56 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान वैश्विक तेजी और स्थानीय मांग में सुधार से सोना स्टैंडर्ड 150 रुपए की साप्ताहिक बढ़त के साथ 32,050 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी में 31,900 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,600 रुपए पर टिकी रही।

चांदी की कीमतों में 400 रुपए प्रति किलो की गिरावट

चांदी की औद्योगिक मांग में गिरावट आने से यह लगातार तीसरे सप्ताह की तेजी के बाद लुढ़क गई। चांदी हाजिर 400 रुपए की गिरावट में 39,400 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। चांदी वायदा भी 355 रुपए की गिरावट के साथ सप्ताहांत पर 38,920 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। चांदी की गिरावट के विपरीत सिक्कों की खनक इस अवधि में बढ़ गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली 1,000-1,000 रुपए की मजबूती में क्रमश: 75 हजार और 76 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर बिके।

Published on:
14 Oct 2018 01:26 pm