Share Market News

अमरीका के नरम रुख से सोना 1,160 रुपए लुढ़का, चांदी में 1735 रुपए की गिरावट

सोना 1,160 रुपए टूटकर 41,170 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया चांदी 1,735 रुपए लुढ़ककर 47,825 रुपए प्रति किलो पर पहुंची चांदी के दाम गिरावट के बाद करीब एक सप्ताह के निचले स्तर

2 min read

नई दिल्ली। ईरान के साथ करीब एक सप्ताह से जारी तनाव के बीच अमरीका के नरम रुख के कारण विदेशों के साथ स्थानीय बाजार में भी सोने के दाम ( Gold Rate Today ) में आज भारी गिरावट रही और यह 1,160 रुपए टूटकर 41,170 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। चांदी की कीमत ( Silver Price ) 1,735 रुपए लुढ़ककर करीब एक सप्ताह के निचले स्तर 47,825 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। आपको बता दें कि सोने और चांदी की कीमत ( Gold And Silver Price ) में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही थी। जिसकी वजह से सोना 42 हजार रुपए के स्तर को भी पार कर गया था।

अमरीका नरम रुख से गिरे सोने और चांदी के दाम
इराक में अमरीकी सैन्य ठिकानों पर ईरान द्वारा बुधवार को किये गए मिसाइल हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया था। इस कारण कल दोनों कीमती धातुओं में जबरदस्त तेजी रही। लेकिन वाशिंगटन में स्थानीय समयानुसार सुबह 11.30 बजे अमरीका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की प्रेस वार्ता के बाद तनाव काफी कम हो गया। ट्रंप ने नरम रुख अख्तियार करते हुये शांति का आह्वान किया। उन्होंने ईरान पर किसी सामरिक कार्रवाई की बात किये बिना सिर्फ आर्थिक प्रतिबंधों तक अपनी प्रतिक्रिया सीमित रखी। ट्रंप की प्रेस वार्ता के बाद ही पीली धातु का विदेशों में ऊपर जाता ग्राफ अचानक नीचे की ओर उतरा। आज इसमें और गिरावट दर्ज की गई। सोना हाजिर 11.60 डॉलर टूटकर 1,545.80 डॉलर प्रति औंस रह गया। फरवरी का अमरीकी सोना वायदा भी 12.30 डॉलर की गिरावट में 1,547.90 डॉलर प्रति औंस बोला गया। चांदी हाजिर 0.18 डॉलर फिसलकर 17.91 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

सोना और चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट
स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 1,160 रुपए लुढ़ककर 41,170 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के साथ 41,000 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 500 रुपए टूटकर 30,800 रुपए के भाव बिकी। चांदी हाजिर 1,735 रुपए का गोता लगाते हुए 47,825 रुपए प्रति किलोग्राम रह गयी। यह 02 जनवरी के बाद का निचला स्तर है। चाँदी वायदा भी 2,016 रुपए लुढ़ककर 46,777 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गयी। सिक्का लिवाली और बिकवाली में 30-30 रुपए की गिरावट रही। ये क्रमश: 970 रुपए और 980 रुपए प्रति इकाई बिके।

आज दोनों कीमती धातुओं के भाव इस प्रकार रहे
सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम:- 41,170 रुपए
सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम:- 41,000 रुपए
चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम:- 47,825 रुपए
चांदी वायदा प्रति किलोग्राम:- 46,777 रुपए
सिक्का लिवाली प्रति इकाई:- 970 रुपए
सिक्का बिकवाली प्रति इकाई:- 980 रुपए
गिन्नी प्रति आठ ग्राम:- 30,800 रुपए

Updated on:
09 Jan 2020 05:08 pm
Published on:
09 Jan 2020 05:05 pm
Also Read
View All