7 सितबंर 2018 को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना-चांदी का भाव।
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पीली धातु के भाव में रही बढ़त के बीच अधिक कीमत को देखते हुए घरेलू स्तर पर खुदरा ग्राहकी कम होने से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना शुक्रवार 07 सितंबर 2018 को 120 रुपए फिसलकर 31,450 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। इस दौरान औद्योगिक मांग घटने से चांदी भी 300 रुपए की गिरावट के साथ 37,500 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। विश्लेषकों ने बताया कि अधिक कीमत को देखते हुए खुदरा ग्राहकों ने बाजार से दूरी बना ली है, जिससे स्थानीय स्तर पर सोने की कीमत पर दबाव बढ़ गया है।
डॉलर के कमजोर पड़ने से चमका सोना
हालांकि, वैश्विक बाजारों में दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के कमजोर पड़ने से पीली धातु में तेजी रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में लंदन का सोना हाजिर 1.00 डॉलर चमककर 1,200.90 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा भी 0.9 डॉलर की तेजी में 1,205.20 डॉलर प्रति औंस बोला गया। इस दौरान चांदी में 0.01 डॉलर की गिरावट रही और यह 14.11 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
चांदी में 300 रुपए प्रतिकिलो की गिरावट
वैश्विक तेजी के बावजूद स्थानीय जेवराती मांग सुस्त पड़ने से सोना 120 रुपए की गिरावट में 31,450 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतना ही लुढ़ककर 31,300 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,500 रुपए पर टिकी रही। चांदी हाजिर 300 रुपए की गिरावट में 37,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। चांदी वायदा में 70 रुपए की गिरावट रही और यह 37,030 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 72,000 रुपए और 73,000 रुपए प्रति सैंकड़ा पर पड़े रहे। हालांकि, कारोबारियों को त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले मांग बढ़ने की उम्मीद है।
दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)
- सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 31,450
- सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 31,300
- चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 37,500
- चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 37,030
- सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 72,000
- सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 73,000
- गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,500