
नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर पीली धातु में गिरावट के कारण दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना-चांदी कारोबारी सप्ताह के पहले दिन ही लुढ़क गए। सोमवार को सोना 30 रुपए फिसलकर 30,700 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। चांदी भी 25 रुपए की गिरावट के साथ 33,200 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। विदेशों में डॉलर के मजबूत होने से सोने पर दबाव रहा। सोना हाजिर 1.95 डॉलर लुढ़ककर 1,221.40 डॉलर प्रति औंस के भाव बिका। अगस्त का अमरीकी सोना वायदा 2.50 डॉलर टूटकर 1,230.50 डॉलर प्रति औंस बोला गया। विभिन्न केंद्रीय बैंकों की बैठकों से पहले आज डॉलर में मजबूती देखी गई। इससे सोने पर दबाव पड़ा है। डॉलर में तेजी से अन्य मुद्राओं वाले देशों के लिए सोने का आयात महंगा हो जाता है। इससे मांग में कमी आती है और सोना सस्ता होता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के विपरीत चांदी हाजिर 0.01 डॉलर चढक़र 15.47 डॉलर प्रति औंस बोली गई।
स्थानीय बाजार में भी नहीं आए ग्राहक
स्थानीय बाजार में सुस्त ग्राहकी के बीच सोना स्टैंडर्ड 30 रुपए फिसलकर 30,750 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट में 30,600 रुपए प्रति दस ग्राम बोला गया। गिन्नी पर भी दबाव रहा। यह 100 रुपए टूटकर 24,600 रुपए प्रति आठ ग्राम पर आ गई। औद्योगिक ग्राहकी उतरने से चांदी हाजिर 25 रुपए की नरमी के साथ 39,200 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। चांदी वायदा 155 रुपए की गिरावट में 38,170 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 74 हजार और 75 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे।
दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)
- सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 30,750
- सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 30,600
- चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 39,200
- चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 38,170
- सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 74,000
- सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 75,000
- गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,600
ये भी पढ़ें--