
लगातार तीसरे सप्ताह टूटा सोना, ये है 10 ग्राम की कीमत
नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं के दाम बढ़ने के बावजूद दिल्ली सर्राफा बाजार में लगातार तीसरे सप्ताह सोने-चांदी पर दबाव रहा। सोना 190 रुपए की साप्ताहिक गिरावट के साथ 30,780 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। चांदी भी 30 रुपए टूटकर सप्ताहांत पर शनिवार को 39,225 रुपए प्रति किलोग्राम रही। स्थानीय बाजार पर विदेशी बाजारों का कोई असर नहीं दिखा क्योंकि वैश्विक स्तर पर जहां तेजी रही, वहीं घरेलू स्तर पर गिरावट का रूख कायम रहा।
सोने में वैश्विक स्तर पर रही तेजी
लंदन और न्यूयॉर्क से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सप्ताह के दौरान वहां सोना हाजिर 3.05 डॉलर चढ़कर 1,232 डॉलर प्रति औंस पर रहा। अगस्त का अमरीकी सोना वायदा भी 4.00 डॉलर की बढ़ते के साथ 1,232.60 डॉलर प्रति औंस बोला गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बीत सप्ताह चांदी भी 0.03 डॉलर की बढ़त के साथ 15.48 डॉलर प्रति औंस पर रही।
स्थानीय बाजार में सोने पर दिखा दबाव
स्थानीय बाजार में बीते सप्ताह लगभग हर दिन सोने पर दबाव दिखा। आलोच्य सप्ताह में सोना स्टैंडर्ड 190 रुपए टूटकर 30,780 रुपए प्रति दस ग्राम रहा। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के साथ सप्ताहांत पर 30,630 रुपए प्रति दस ग्राम बिका। आठ ग्राम वाली गिन्नी पूरे सप्ताह 24,700 रुपए के भाव पर स्थिर रही। चांदी की औद्योगिक ग्राहकी कमजोर रही। साथ ही वैश्विक दबाव भी इस पर हावी रहा।
चांदी हाजिर में 30 रुपए की गिरावट रही
चांदी हाजिर 30 रुपए की साप्ताहिक गिरावट लेकर 39,225 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। चांदी वायदा 130 रुपए लुढ़ककर 38,325 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। सिक्का लिवाली और बिकवाली उतार-चढ़ाव से होते हुए आखिरकार क्रमश: 75 हजार और 76 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे। कारोबारियों ने बताया कि सोने की स्थानीय मांग स्थिर है जबकि चांदी की ग्राहकी कमजोर है। आने वाले सप्ताह में दोनों की कीमती धातुओं के दाम ग्राहकी के साथ ही वैश्विक उतार-चढ़ाव तथा रुपए की तुलना में डॉलर की विनिमय दर में बदलाव पर निर्भर करेंगे।
Published on:
29 Jul 2018 03:40 pm
