Share Market News

सोना 70 रुपए फिसलकर एक सप्ताह के निचले स्तर पर, चांदी में मामूली तेजी

सोना 70 रुपए टूटकर एक सप्ताह के निचले स्तर 41,100 रुपए प्रति दस ग्राम पर चांदी की कीमत 25 रुपए चमककर 47,850 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंची
2 min read
• •
Updated: 10 Jan 2020, 3:48 PM IST
Gold Prize Budget 2020,
gold price lowest in mp, petrol price down in mp

नई दिल्ली। विदेशों में पीली धातु में रही नरमी के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने के दाम ( Gold Rate Today ) में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखने को मिली। वहीं चांदी की कीमत ( Silver Price ) में थोड़ा उछाल देखने को मिला। आंकड़ों के अनुसार सोना 70 रुपए टूटकर एक सप्ताह के निचले स्तर 41,100 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। वहीं, चांदी 25 रुपए चमककर 47,850 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। आपको बता दें कि गुरुवार को सोना 1100 रुपए से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली थी।

विदेशी बाजारों में सोना गिरा
अमरीका और ईरान के बीच तनाव घटने से वहां सोना हाजिर 1.60 डॉलर फिसलकर 1,550.70 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। फरवरी का अमरीकी सोना वायदा भी 1.20 डॉलर की गिरावट में 1,553.10 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से सुरक्षित निवेश के रूप में सोने का आकर्षण कम हुआ है। साथ ही डॉलर की मजबूती ने भी पीली धातु पर दबाव डाला। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर 0.02 डॉलर की नरमी के साथ 17.89 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

स्थानीय बाजारों सोने और चांदी के दाम में गिरावट
विदेशों में कीमतों में गिरावट का असर स्थानीय बाजार में भी देखा गया और सोने में लगातार दूसरे दिन नरमी रही। सोना स्टैंडर्ड 70 रुपए फिसलकर 41,100 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। यह 03 जनवरी के बाद का निचला स्तर है। सोना बिटुर भी इतनी ही नरमी के साथ 40,930 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 30,800 रुपए के भाव पर स्थिर रही। सोने के विपरीत चांदी में तेजी रही। चांदी हाजिर 25 रुपए की मजबूती के साथ 47,850 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी वायदा 156 रुपए की बढ़त में 46,621 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गयी। सिक्का लिवाली और बिकवाली 10-10 रुपए की तेजी के साथ क्रमश: 980 रुपए और 990 रुपए प्रति इकाई पर पहुंच गए।

आज दोनों कीमती धातुओं के भाव इस प्रकार रहे
सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम:- 41,100 रुपए
सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम:- 40,930 रुपए
चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम:- 47,850 रुपए
चांदी वायदा प्रति किलोग्राम:- 46,621 रुपए
सिक्का लिवाली प्रति इकाई:- 980 रुपए
सिक्का बिकवाली प्रति इकाई:- 990 रुपए
गिन्नी प्रति आठ ग्राम:- 30,800 रुपए

Updated on:
10 Jan 2020, 3:48 PM IST
Published on: