Share Market News

चार माह में सबसे महंगा हुआ सोना, चांदी भी 40 हजार के करीब

15 अक्टूबर 2018 को सोना चांदी का बाजार भाव।
2 min read
Oct 15, 2018
Gold and silver price
चार माह में सबसे महंगा हुआ सोना, चांदी भी 40 हजार के करीब

नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में रही तेजी के बीच घरेलू स्तर पर त्योहारी मांग आने से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना 200 रुपए की छलांग लगाकर चार माह से अधिक के उच्चतम स्तर 32,250 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। इस बीच औद्योगिक ग्राहकी आने से चांदी भी 350 रुपए महंगी होकर 39,750 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। विदेशों से मिली जानकारी के अनुसार, लंदन का सोना हाजिर 0.4 फीसदी की तेजी में 1,222.00 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा भी 9.60 डॉलर की बढ़त में 1,231.60 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, अमरीका और चीन के बीच जारी तनाव और शेयर बाजार में जारी घमासान को देखते हुए निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश में बढ़ा है। हालांकि, दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के मजबूत होने से पीली धातु की चमक सीमित रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर 0.6 फीसदी की तेजी में 14.63 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

सोने की कीमतों में लगातार पांचवें दिन बढ़ोतरी

वैश्विक तेजी और त्योहारी मांग बरकरार रहने से सोने के भाव लगातार पांचवें दिन बढ़े हैं। सोना स्टैंडर्ड 200 रुपए चमककर 26 मई के बाद के उच्चतम स्तर 32,250 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतना ही चढ़कर 32,100 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव बिका। आठ ग्राम वाली गिन्नी भी 100 रुपए की छलांग लगाकर 24,700 रुपए पर पहुंच गई। औद्योगिक ग्राहकी बढ़ने और सिक्का निर्माताओं के उठाव में तेजी आने से चांदी हाजिर 350 रुपए की बढ़त में 39,750 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी वायदा भी 340 रुपए की तेजी में 39,260 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 75 हजार और 76 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे।

दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)

- सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 32,250

- सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 32,100

- चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 39,750

- चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 39,260

- सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 75,000

- सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 76,000

- गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,700

Published on:
15 Oct 2018 03:28 pm