
नई दिल्ली। बीते 6 महीनों में छोटी कंपनियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। साल 2017 -18 में अब तक आए आईपीओ में से 67 फीसदी ने निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया है। वहीं अगर अप्रैल से अक्टूबर के दौरान लिस्ट हुई कंपनियों की बात करें तो इसमें 167 फीसदी तक का रिटर्न देखा गया है। इनमें मार्केट कैप के हिसाब से नए लिस्ट हुई कंपनियों में सबसे छोटी कंपनी ने निवेशकों को सबसे ज्यादा रिटर्न दिया है।
अबतक 19 कंपनियां हुई लिस्ट
इस वित्त वर्ष की बात करें तो अब तक 19 कंपनियां शेयर बाजार में लिस्ट हो चुकी हैं। जिनमें से 12 कंपनियों का मार्केट कैप शुक्रवार तक 5 हजार करोड़ रुपए से कम पर बंद हुआ है। नई लिस्ट हुई कंपनियों में सबसे कम मार्केट कैप सलासर टेक्नो इंजीनयिरिंग का है। हालांकि लिस्टिंग के बाद रिटर्न देने के मामले कंपनी सबसे आगे है। जुलाई के अंत में लिस्ट हुई कंपनी अपने इश्यू प्राइस के मुकाबले अब तक 167 फीसदी बढ़ चुकी है। तेज बढ़त के बाद भी कंपनी का मार्केट कैप 500 करोड़ रुपए से नीचे है। वहीं 5000 करोड़ रुपए के मार्केट कैप से नीचे वाली 12 नई कंपनियों में से 8 कंपनियों का रिटर्न पॉजिटिव रहा है। इसमें से भी सीडीएसएल 140 फीसदी, पीएसपी प्रोजेक्ट्स 71 फीसदी बढ़ा है। डिक्सन टेक्नोलॉजी में 50 फीसदी से ज्यादा बढ़त रही हैं। वहीं इन कंपनियों में सबसे ज्यादा गिरावट एस चांद एंड कंपनी में देखने को मिली है। स्टॉक पिछले 6 महीने में एक तिहाई नुकसान के साथ ट्रेड कर रहा है।
बड़ी कंपनियां पीछे
2017-18 में लिस्ट हुई 7 कंपनियों का मार्केट कैप फिलहाल 5 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा है। इसमें 4 कंपनियां ही निवेशकों को पॉजिटिव रिटर्न देने में सफल रही हैं। 17 हजार करोड़ से ज्यादा के मार्केट कैप का एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक 10 जुलाई को अपनी लिस्टिंग के बाद अब तक 57 फीसदी बढ़ चुका है। बड़ी कंपनियों में इसी स्टॉक में निवेशकों को 50 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न मिला है। वहीं एसबीआई लाइफ इस फाइनेंशियल ईयर में अब तक सबसे बड़ी नई लिस्टिंग हैं। शुक्रवार के कारोबार में स्टॉक अपने इश्यू प्राइस से नीचे आ गया। फिलहाल एसबीआई लाइफ में निवेशकों को इश्यू प्राइस के मुकाबले आधा फीसदी से ज्यादा नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं इंश्योरेंस सेक्टर के दूसरे प्लेयर आईसीआईसीआई लोम्बार्ड के स्टॉक में मामूली बढ़त देखी गई।