
नई दिल्ली : लगातार गिरावट के बाद शेयर मार्केट मंगलवार को रिकवरी करता नजर आ रहा है। फिलहाल संसेक्स 500 अंको की बढ़त के साथ 31917 और निफ्टी 175 अंको की बढ़त के साथ 9300 के ऊपर कारोबार कर रहा है। इस वक्त फिलहाल fmcg शेयर्स में खरीदारी का दौर जारी है। ITC, COLGATE, NESTLE INDIA और HUL 2 फीसदी से बढ़े हैं वहीं निफ्टी फार्मा का भी कमोबेश यही हाल है। BUY BACK की खबरों से SUN PHARMA में 5 फीसदी की तेजी देखने को मिल रही है।
अमरीकी शेयर बाजारों के रिकॉर्ड लेवल पर नीचे जाने का असर भारत के बाजारों पर भी दिखा। आज मुंबई स्टाॅक एक्सचेंज खुलते ही 629 अंक गिरा और अब 134 अंकों का चढ़ाव देखने को मिल रहा है। फिलहाल बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। वहीं सोमवार को अमेरिकी बाजारों में रिकॉर्ड गिरावट आई थी। डाउ जोंस करीब 3,000 अंक गिरकर बंद हुआ था। बता दें कि अमरीकी बाजार में करीब 7 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों में डर है कि कोरोना वायरस के कारण विश्व मंदी की ओर बढ़ रहा है।
सोमवार को भारतीय बाजार में कोरोना के कहर से आई भारी गिरावट के चलते सर्राफा बाजार में बिकवाली के भारी दबाव में सोना 2 हजार रुपए प्रति किलो 10 ग्राम टूटा तो चांदी में 6 हजार रुपए प्रति किलो से ज्यादा की गिरावट आई। सोने का भाव भारतीय सर्राफा बाजार में 40 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम से नीचे आ गया। वहीं चांदी 36,640 रुपए प्रति किलो तक लुढ़की।
भारी गिरावट के बारे में इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के नेशनल सेकेट्ररी सुरेंद्र मेहता ने बताया कि शेयर बाजार में भारी गिरावट के समय निवेशकों के लिए महंगी धातुएं सोना और चांदी संकटमोचक बन गईं और वे सोना और चांदी बेचकर अपनी नकदी की जरूरतों को पूरा करने लगे।
दूसरी तरफ कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ने के बाद अमरीका आर्थिक गतिविधियों को सुधारने के लिए फेडरल रिजर्व, लॉमेकर्स और व्हाइट हाउस द्वारा उठाए अप्रत्याशित कदमों से निवेशकों में घबराहट फैल गई। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अपील का बाजार पर नकारात्मक असर पड़ा। ट्रंप ने अमरीकी नागिरकों से अपील की वे सामाजिक गतिविधियों को 15 दिन के लिए रोक दें और 10 लोग से ज्यादा एक साथ एकत्र न हों। ट्रम्प ने यह भी कहा कि अमरीका मंदी की तरफ बढ़ रहा है।
अमरीकी राष्ट्रपति की अपील के बाद कारोबार में डाउ जोंस 12.93 फीसदी गिरकर 20,188.50 पॉइंट पर पहुंच गया। नैस्डैक कंपोजिट में 12.32 फीसदी और एसएंडपी में 11.98 फीसदी की गिरावट आई। नैस्डैक 970 अंक गिरकर 6,904.59 पर बंद हुआ। इसी तरह, एसएंडपी 324 अंक नीचे 2,386.16 पर बंद हुआ।