
OFSS के Share में अच्छी तेजी आई है। (PC: AI)
Oracle Financial Services Software Share Price: आईटी सेक्टर जहां पिछले एक साल से दबाव में है, वहीं OFSS ने शानदार परफॉर्म किया है। कंपनी का शेयर इस साल अब तक 50 फीसदी से ज्यादा चढ़ चुका है। इस शेयर ने आज ही 52 हफ्ते का नया हाई बनाया है। यह शेयर शुक्रवार को एनएसई पर 4.64 फीसदी या 517 रुपये की बढ़त के साथ 11,651 रुपये पर बंद हुआ है। इस शेयर का पीई 36.73 पर है। वहीं, कंपनी का मार्केट कैप 1,01,439.04 करोड़ रुपये है। मजबूत नतीजों और पॉजिटिव टेक्निकल संकेतों के चलते एक्सपर्ट आगे भी इसमें तेजी की संभावना जता रहे हैं।
निफ्टी आईटी इंडेक्स इस साल अब तक करीब 26 फीसदी टूट चुका है। वहीं, निफ्टी 50 में भी लगभग 8 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। यानी जहां पूरा सेक्टर संघर्ष कर रहा है, वहां OFSS लगातार नई ऊंचाइयां छू रहा है। OFSS के शेयर में 1 महीने में 23.02 फीसदी, इस साल अब तक 51.54 फीसदी, पिछले एक साल में 32.73 फीसदी और 3 साल में 210.41 फीसदी की तेजी आई है। कंपनी दुनियाभर के बैंकों और वित्तीय संस्थानों को सॉफ्टवेयर और टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस उपलब्ध कराने वाली प्रमुख कंपनियों में शामिल है।
OFSS के शेयर में तेजी कोई एक-दो दिन की नहीं है। अप्रैल से यह लगातार हर महीने बढ़त के साथ बंद हो रहा है। जुलाई में भी अब तक इसमें 7 फीसदी से ज्यादा की तेजी आ चुकी है। इससे स्पष्ट है कि निवेशकों की खरीदारी अभी भी बनी हुई है।
कंपनी के शानदार वित्तीय नतीजों ने इस तेजी को और मजबूती दी है। मार्च तिमाही (Q4 FY26) में कंपनी का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 31 फीसदी बढ़ा। वहीं, राजस्व में 20 फीसदी और ऑपरेटिंग इनकम में 39 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। EBIT में करीब 29.5 फीसदी की वृद्धि हुई, जबकि ऑपरेटिंग मार्जिन बढ़कर 51.2 फीसदी पर पहुंच गया। इससे पिछली तिमाही में यह 41.7 फीसदी पर था।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 की बात करें तो कंपनी का कंसोलिडेटेड राजस्व 12 फीसदी बढ़कर 7,670 करोड़ रुपये रहा। शुद्ध लाभ 11 फीसदी बढ़कर 2,640 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी का नेट मार्जिन 34 फीसदी और ऑपरेटिंग मार्जिन 44 फीसदी रहा।
आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स के सीनियर मैनेजर (इक्विटी टेक्निकल रिसर्च) जिगर एस. पटेल के अनुसार OFSS का लॉन्ग टर्म ट्रेंड अभी भी मजबूत बना हुआ है। शेयर हाल ही में 20 महीने की EMA से उछलकर वापस ऊपर आया है और फिलहाल 20 तथा 50 महीने की EMA दोनों के ऊपर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा शेयर Ichimoku Cloud के ऊपर बना हुआ है, जो लंबी अवधि की मजबूती का संकेत माना जाता है।
हाल की हल्की मुनाफावसूली के बाद शेयर में फिर से खरीदारी लौट आई है। Cumulative Volume Delta (CVD) भी पॉजिटिव हो गया है, जिससे पता चलता है कि निवेशक फिर से इस शेयर में पैसा लगा रहे हैं। वहीं, ADX 30 से ऊपर बना हुआ है, जो मजबूत ट्रेंड की पुष्टि करता है।
Updated on:
10 Jul 2026 05:41 pm
Published on:
10 Jul 2026 05:41 pm
