11 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

SBI Funds Management और Alpine Texworld समेत 3 IPO अगले हफ्ते होंगे लॉन्च, अभी से दिख रहा 120% तक का GMP

Millworks Technologies IPO: अगले सप्ताह प्राइमरी मार्केट में करीब 11,980 करोड़ रुपये के आईपीओ खुलने जा रहे हैं। इनमें सबसे बड़ा इश्यू SBI Funds Management का होगा। इसके अलावा Alpine Texworld का भी इश्यू ओपन होगा।
3 min read
Google source verification

भारत

image

Pawan Jayaswal

Jul 11, 2026

Alpine Texworld IPO

Alpine Texworld IPO अगले हफ्ते खुल रहा है। (PC: AI)

IPO Next Week: अगर आप आईपीओ में निवेश करते हैं, तो अगले सप्ताह आपको कई मौके मिलने वाले हैं। अगले हफ्ते करीब 11,980 करोड़ रुपये के आईपीओ निवेशकों के लिए खुलेंगे। सबसे बड़ा इश्यू SBI Funds Management का होगा। इसके अलावा, Alpine Texworld और Millworks Technologies भी अपने-अपने IPO लेकर बाजार में उतरेंगी। अगले हफ्ते आने वाले IPOs में सबसे ज्यादा चर्चा एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट की है, क्योंकि यह देश की सबसे बड़ी म्यूचुअल फंड एसेट मैनेजमेंट कंपनी है। आइए विस्तार से जानते हैं।

SBI Funds Management IPO

एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट का आईपीओ 14 जुलाई को खुलेगा और 16 जुलाई को बंद होगा। कंपनी ने 545 से 574 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। एक लॉट में 26 शेयर होंगे। ऊपरी प्राइस बैंड पर आवेदन करने के लिए खुदरा निवेशकों को 14,924 रुपये निवेश करने होंगे। ग्रे मार्केट में भी इस IPO को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। शनिवार शाम यह शेयर ग्रे मार्केट में 108 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड करता दिखा। इस आधार पर शेयर की लिस्टिंग 18.82 फीसदी के प्रीमियम के साथ 682 रुपये पर हो सकती है।

यह IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है। यानी कंपनी कोई नए शेयर जारी नहीं करेगी और इस इश्यू से मिलने वाली राशि कंपनी के पास नहीं जाएगी। शेयरों की संभावित लिस्टिंग 21 जुलाई को बीएसई और एनएसई पर हो सकती है।

देश की सबसे बड़ी AMC

1992 में स्थापित एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट SBI Mutual Fund का संचालन करती है। यह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और फ्रांस की Amundi का जॉइंट वेंचर है। कंपनी इक्विटी, डेट, हाइब्रिड फंड, ETF और पोर्टफोलियो मैनेजमेंट जैसी सेवाएं देती हैं। 2025 तक कंपनी के पास करीब 16.32 लाख करोड़ रुपये की एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) थी, जो देश के कुल म्यूचुअल फंड AUM का लगभग 15.5 फीसदी है। दिसंबर 2025 तक कंपनी के साथ 1.60 करोड़ से ज्यादा निवेशक जुड़े हुए थे।

लगातार मजबूत हो रही कमाई

वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा। कंपनी का रेवेन्यू वित्त वर्ष 2025 के 4,236.15 करोड़ रुपये की तुलना में वित्त वर्ष 2026 में 17 फीसदी बढ़कर 4,976.11 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, टैक्स के बाद मुनाफा 21 फीसदी बढ़कर 3,067.38 करोड़ रुपये रहा। यह वित्त वर्ष 2025 में 2,540.15 करोड़ रुपये था। वहीं, कंपनी का एबिटडा वित्त वर्ष 2026 में 4,058.44 करोड़ रुपये रहा।

Alpine Texworld IPO

अगले हफ्ते आने वाला दूसरा मैनबोर्ड आईपीओ एल्पाइन टेक्सवर्ड आईपीओ है। यह एक टेक्सटाइल प्रोसेसिंग कंपनी है। इसका आईपीओ 14 जुलाई को खुलेगा और 16 जुलाई को बंद होगा। कंपनी ने 100 से 105 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। एक लॉट में 142 शेयर होंगे। ऊपरी प्राइस बैंड पर खुदरा निवेशकों को 14,910 रुपये लगाने होंगे। यह 126.25 करोड़ रुपये का पूरी तरह फ्रेश इश्यू है। इसकी संभावित लिस्टिंग भी 21 जुलाई को होगी। शनिवार शाम कंपनी का शेयर ग्रे मार्केट में सिर्फ 2 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड करता दिखा। इस तरह शेयर की लिस्टिंग 1.90 फीसदी के प्रीमियम के साथ 107 रुपये पर हो सकती है।

कंपनी IPO से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल अहमदाबाद में तीसरी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के तहत नया वीविंग प्लांट लगाने में करेगी। करीब 52.20 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने में खर्च होंगे। वहीं, बची हुई राशि सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए इस्तेमाल होगी।

कंपनी का कारोबार तेजी से बढ़ा

एल्पाइन टेक्सवर्ड के वित्तीय नतीजों में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली है। कंपनी का रेवेन्यू वित्त वर्ष 2026 में 47 फीसदी बढ़कर 350.18 करोड़ रुपये रहा। यह वित्त वर्ष 2025 में 237.66 करोड़ रुपये था। वहीं, टैक्स के बाद मुनाफा 8.63 करोड़ से बढ़कर 21.72 करोड़ रुपये हो गया। यह 152 फीसदी का उछाल है। एबिटडा भी 27 करोड़ रुपये से बढ़कर 47.45 करोड़ रुपये हो गया।

Millworks Technologies IPO

यह एक एसएमई आईपीओ है, जो 14 से 16 जुलाई के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। कंपनी ने 315 से 331 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है और 160.34 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। ग्रे मार्केट में इस IPO को जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा है। शनिवार शाम ग्रे मार्केट में यह शेयर 120.85 फीसदी या 400 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड करता दिखा।

बड़ी खबरें

View All

कारोबार

ट्रेंडिंग