
नई दिल्ली। अर्थव्यवस्था में तेजी लाने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को कंपनियों के लिए कॉरपोरेट टैक्स में कटौती का ऐलान किया है। वित्त मंत्री के इस ऐलान के बाद शेयर बाजार में खुशी की लहर दौड़ गई है। सेंसेक्स में 1900 अंकों से ज्यादा की तेजी देखने को मिली है और निफ्टी में 560 अंकों का उछाल रहा है। इस बढ़त के बाद निफ्टी 11200 के पार पहुंच गई है। सीतारमण ने घरेलू कंपनियों और नई घरेलू मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों के कॉरपोरेट टैक्स में कटौती की है।इसके साथ ही मिनिमम अल्टरनेट टैक्स को खत्म करने का ऐलान किया है।
आज सुबह को बांबे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 76.97 अंकों की बढ़त के साथ 36170.44 अंकों पर था। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के प्रमुख सूचकांक निफ्टी 50 11.20 अंकों की बढ़त के साथ 10716.00 अंकों के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं छोटी और मझौली कंपनियां भी दबाव महसूस कर रही थीं। बीएसई स्मॉलकैप 20.63 और बीएसई मिडकैप 4.44 अंकों की गिरावट पर था।
बैंकिंग सेक्टर में राहत
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो प्राइवेट बैंकों के बढ़त में होने से बैंक निफ्टी और बैंक एक्सचेंज बढ़त में कारोबार करते दिख रहे हैं। दोनों में क्रमश: 100.35 और 134.08 अंकों की बढ़त दिखाई दे रही है। वहीं दूसरी ओर जीएसटी काउंसिल की मीटिंग में ऑटो सेक्टर में राहत की उम्मीदों की वजह से 160.91 अंकों की बढ़त दिखाई दे रही है। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 113.67, एफएमसीजी 5.16 और हेल्थकेयर 25.58 अंकों की बढ़त के साथ हरे निशान पर कारोबार करते दिख रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कैपिटल गुड्स 29.49, आईटी 20.48, ऑयल एंड गैस 116.96, पीएसयू 72.49 और टेक 23.35 अंकों की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।
बढ़त और गिरावट वाले शेयर्स
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में पहले बढ़त वाले शेयरों की बात करें तो यस बैंक करीब 3 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस 2.09, एचडीएफसी बैंक 1.63, अडानी पोर्ट 1.37 और कोटक बैंक 1.24 फीसदी की बढ़त के साथ हैं। वहीं दूसरी ओर जी लिमिटेड 11.09 फीसदी, एनटीपीसी 2.38, पॉवरग्रिड 1.76, एक्सिस 1.53 और ओएनजीसी के शेयरों में 1.45 फीसदी की गिरावट देखने को मिल रही है।