अमरीकी ब्याज दरों में गिरावट से वैश्विक शेयर बाजार में दिखा मिलाजुला असर निफ्टी 50 55.50 अंकों की गिरावट के बाद 10,778.40 अंकों पर पहुंचा
नई दिल्ली। अमरीका की नीतिगत ब्याज दरों में कटौती वैश्विक बाजार को अच्छी नहीं लग रही है। जिसका असर भारतीय शेयर बाजार में साफ दिखाई दे रहा है। वहीं दूसरी ओर अमरीका चीन ट्रेड वॉर और ईरान-सऊदी में तनाव भी बाजार को दबाव में डाले हुए हैं। जिसकी वजह से शेयर बाजार में लगातार गिरावट की ओर जा रहा है। मौजूदा समय में बांबे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स -234.75 अंकों की गिरावट के साथ 36,329.13 अंकों पर कारोबार कर रहा है। वहीं दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक निफ्टी 50 57.35अंकों की गिरावट के साथ 10,783.30 अंकों पर कारोबार कर रहा है। बीएसई स्मॉल कैप 21.57 और बीएसई मिड-कैप 33.09 अंकों की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।
सेक्टोरल इंडेक्स में गिरावट
रुपए में लगातार गिरावट की वजह से बैंकिंग सेक्टर में गिरावट देखने को मिल रही है। बैंक एक्सचेंज 247.80 और बैंक निफ्टी 198.15 अंकों की गिरावट के साथ हैं। कैपिटल गुड्स 106.12, बीएसई आईटी 117.24, मेटल 76.57, तेल और गैस 85.10, पीएसयू 50.44, टेक 51.51, हेल्थकेयर 31.78, एफएमसीजी 25.66, ऑटो 9.74 अंकों की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.02 अंकों की बढ़ोतरी के साथ सपाट स्तर पर कारोबार कर रहा है।
बढ़त और गिरावट वाले शेयर
पहले बात गिरावट वाले शेयरों की करें तो रुपए में डॉलर के मुकाबले में आई की वजह से बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है। यस बैंक के शेयर 4.45 फीसदी, जी लिमिटेड 3.01 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में 2.45 फीसदी, टाटा स्टील 1.95 फीसदी और टेक महिंद्रा के शेयरों में 1.80 फीसदी की गिरावट देखने को मिल रही है। बढ़त वाले शेयरों में टाटा मोटर्स, मारुति, एशियन पेंट्स आशयर मोटर्स, और अल्ट्रा सीमेंट के शेयरों में करीब करीब एक फीसदी की बढ़त देखने को मिल रही है।