
नई दिल्ली। देश में इस समय पेट्रोल-डीजल के दाम अपने उच्च स्तर पर हैं। इससे आम जनता के साथ-साथ कारोबारी भी परेशान हैं। सबसे ज्यादा नुकसान ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को हो रहा है। लेकिन बिहार के लाेग महंगे पेट्रोल-डीजल की मार से अछूते हैं। यहां के लोग पांच रुपए सस्ता पेट्रोल-डीजल खरीद रहे हैं। दरअसल अलग-अलग राज्यों में वैट की अलग-अलग दरों के कारण पेट्रोल-डीजल के दामों में अंतर है। इसी का फायदा उठाकर बिहार के लोग पांच रुपए सस्ता पेट्रोल-डीजल खरीद रहे हैं।
यूपी में मिल रहा बिहार से सस्ता पेट्रोल-डीजल
इस समय बिहार में पेट्रोल करीब 82 रुपए लीटर और डीजल करीब 73 रुपए लीटर मिल रहा है। लेकिन बिहार के लोग पांच रुपए प्रति लीटर सस्ता पेट्रोल-डीजल खरीद रहे हैं। दरअसल वैट की दरें कम होने के कारण उत्तर प्रदेश में बिहार के मुकाबले पेट्रोल-डीजल की कीमतें करीब पांच रुपए कम हैं। इस कारण बिहार के सीमावर्ती जिलों के लोग उत्तर प्रदेश के पेट्रोल पंपों से पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं। इस कारण बिहार के पेट्रोल पंप सूने पड़े हैं, जबकि उत्तर प्रदेश के पेट्रोल पंपों पर हर समय तेल लेने वालों की भीड़ लगी रहती है।
करीब 10 जिलों के लोगों को हो रहा फायदा
उत्तर प्रदेश में सस्ते पेट्रोल-डीजल का फायदा बिहार के करीब 10 जिलों के लोग ले रहे हैं। दरअसल बिहार के सीमावर्ती जिलों पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सीवान, बक्सर और कैमूर के लोगों का उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी कार्यों से आना-जाना लगा रहता है। एेसे में ये लोग उत्तर प्रदेश से सस्ता तेल भरवाना पसंद करते हैं। इसके अलावा बड़ा गाड़ियां बिहार से चलने के उत्तर प्रदेश में तेल भरवाती हैं। ये गाड़िया बिहार लौटते समय भी उत्तर प्रदेश से टंकी फुल करवाकर चलती हैं।
बैनर लगाकर बिहार के लोगों को लुभा रहे पेट्रोल पंप संचालक
उत्तर प्रदेश में बिहार के मुकाबले सस्ते तेल का फायदा उठाने से पेट्रोल पंप संचालक भी पीछे नहीं हैं। उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों के पेट्रोल पंप संचालक बाकायदा बिहार से सस्ता तेल होने का प्रचार कर रहे हैं। इन पेट्रोल पंप संचालकों ने सीमावर्ती स्थानों पर बिहार से पांच रुपए सस्ते तेल के बैनर लगा रखे हैं। पेट्रोल पंप संचालक इन बैनरों के जरिए बिहार के लोगों को सस्ते तेल के लिए लुभा रहे हैं। यही कारण है कि इन पेट्रोल पंपों पर तेल भरवाने के लिए वाहन चालकों की कतार लगी रहती है।