वृंदावन में यमुना नदी में बड़ा हादसा श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटी, 10 की दर्दनाक मौत, कई लापता। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर परिजनों से संपर्क की अपील की।
वृंदावन में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया, जब यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी मोटरबोट पलट गई। हादसे में 10 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोगों को बचा लिया गया है। कुछ श्रद्धालु अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। प्रशासन, सेना और राहत दल लगातार बचाव अभियान में जुटे हुए हैं।
शुक्रवार को वृंदावन में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी एक मोटरबोट अचानक हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि यह नाव केशी घाट और बंशीवट के बीच बने पांटून पुल से टकरा गई, जिसके बाद संतुलन बिगड़ने से पलट गई।
इस नाव में करीब 30 से 32 श्रद्धालु सवार थे, जो पंजाब के लुधियाना, हिसार, मुक्तसर और जगरांव से दर्शन के लिए आए थे। हादसे के बाद नाव में सवार लोग नदी में गिरने लगे और मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और कई लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अब तक 15 लोगों को सुरक्षित बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इस हादसे में 10 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। जिनमें 6 महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं, 5 से 6 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए गोताखोर लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। राहत कार्य में सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी लगाई गई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया। अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं। हालात पर नजर रखे हुए हैं। प्रशासन ने लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। ताकि किसी भी तरह की जानकारी या मदद तुरंत मिल सके। फिलहाल पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और परिजन अपने अपनों की खबर के लिए परेशान हैं।
जिला प्रशासन ने दुर्घटना के संबंध में हेल्पलाइन नंबर 0565-2403200 जारी किया गया है। आप किसी भी समस्या या जानकारी के लिए डीएम के मोबाइल नंबर 9454417512, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ0 पंकज कुमार वर्मा के मोबाइल नंबर 9012881919/ 9454417583 तथा एस0पी0 ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत के मोबाइल नंबर 9454401103 पर संपर्क कर सकते है।