
Fire in moving car: मथुरा जिले के सुरीर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे (Accident on Yamuna Expressway) पर तेज रफ्तार कार में भीषण आग लग गई। इस कार में प्रसिद्ध बाल कथा वाचक अभिनव अरोड़ा (Abhinav Arora) और उनका परिवार सवार था। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। कार सवार बाल कथा वाचक अभिनव अरोड़ा और उनका परिवार के लोग वृंदावन से दिल्ली लौट रहे थे। यह हादसा बीती रात करीब 2 बजे हुआ है।
यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार रात करीब दो बजे वृंदावन से दिल्ली लौट रहे प्रसिद्ध बाल कथा वाचक अभिनव अरोड़ा की कार में अचानक आग लग गई। कार में आग लगने की जानकारी होते ही अभिनव अरोड़ा सहित उनका पूरा परिवार किसी तरह से बाहर निकल आया। इस तरह से पूरा परिवार बाल-बाल बच गया। हादसे के समय अभिनव अरोड़ा की कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। यह घटना सुरीर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे माइल स्टोन 84 के पास हुई हुई है।
दिल्ली निवासी तरुण राज अरोड़ा अपनी डस्टर कार से पत्नी ज्योति अरोड़ा, पुत्र अभिनव अरोड़ा और मन्नत अरोड़ा के साथ वृंदावन दर्शन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से चलती कार में अचानक धुआं निकलने लगा और आग की लपटें उठने लगीं। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने तुरंत कार रोकी और सभी लोग बाहर निकल आए। कार में आग लगने की सूचना मिलते ही थाना सुरीर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी।
पुलिस ने बताया कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। बाद में परिवार को दूसरे वाहन की व्यवस्था कर दिल्ली रवाना कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी बताया जा रहा है। घटना के दौरान एक्सप्रेसवे पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।