13 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयमाला के बाद दुल्हन के मोबाइल पर आया मैसेज, शादी टूटी; सदमे में बिचौलिए को पड़ा हार्ट अटैक

Shamli Marriage Dispute Mobile Message : उत्तर प्रदेश के शामली में जयमाला के बाद दुल्हन के मोबाइल पर आए एक मैसेज के कारण शादी टूट गई। इसके बाद हुए विवाद और हंगामे के सदमे से बिचौलिए (दूल्हे के मामा) को हार्ट अटैक आ गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2 min read
Google source verification
shamli wedding called off

shamli wedding called off : शामली में शादी टूटने पर बिचौलिए को आया हार्ट अटैक, PC- Chatgpt

शामली : उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक शादी समारोह उस समय विवाद और हंगामे में बदल गया, जब जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन के मोबाइल फोन पर आए एक मैसेज को लेकर दूल्हा-दुल्हन के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी, गाली-गलौज और मारपीट हुई। शादी टूटने की खबर से सदमे में आए बिचौलिए को हार्ट अटैक पड़ गया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जिले की एक युवती का विवाह शामली के एक युवक से तय हुआ था। दोनों परिवारों की सहमति से दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित एक बारात घर में शादी का आयोजन रखा गया था। दूल्हा पक्ष की ओर से बारात घर की बुकिंग और शादी का पूरा खर्च वहन किया गया था।

शाम को बारात पहुंचने पर वधु पक्ष ने उसका भव्य स्वागत किया। रिश्तेदारों और मेहमानों की मौजूदगी में खुशी के माहौल के बीच जयमाला की रस्म भी संपन्न हो गई।

एक मैसेज से बदल गया पूरा माहौल

बताया जा रहा है कि जयमाला के बाद जब दूल्हा और दुल्हन मंच पर बैठे थे, तभी दुल्हन के मोबाइल फोन पर किसी युवक का मैसेज आया। दूल्हे ने जब उस मैसेज के बारे में पूछताछ की तो दुल्हन संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

दूल्हे के विरोध जताने पर दुल्हन नाराज हो गई और उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन के इस फैसले से दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया।

समझाने की कोशिश नाकाम, बढ़ा विवाद

दोनों पक्षों के बुजुर्गों और रिश्तेदारों ने युवती को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने फैसले पर अड़ी रही। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज के साथ मारपीट की नौबत आ गई। बारात घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और शादी समारोह पूरी तरह विवाद में बदल गया।

शादी टूटने के सदमे में बिचौलिए को हार्ट अटैक

विवाद को सुलझाने की कोशिश कर रहे शादी के मुख्य बिचौलिए, जो दूल्हे के सगे मामा बताए जा रहे हैं, अचानक सदमे में आ गए। परिजनों के अनुसार, शादी टूटने और बढ़ते विवाद को देखकर उन्हें हार्ट अटैक आ गया।

आनन-फानन में उन्हें शहर के गंगा अमृत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।

बिना फेरों के लौट गया दुल्हन पक्ष

घटना के बाद शादी पूरी तरह टूट गई। फेरों की रस्म नहीं हो सकी और वधु पक्ष अपने रिश्तेदारों के साथ वापस लौट गया। वहीं, दूल्हा पक्ष को शादी में हुए लाखों रुपये के खर्च का नुकसान उठाना पड़ा।

शादी टूटने के बाद दूल्हा पक्ष ने आदर्श मंडी थाने में तहरीर देकर वधु पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों पक्षों को बातचीत और जांच के लिए थाने बुलाया है।

आदर्श मंडी थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हो गई है। दोनों पक्षों को बुलाकर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बड़ी खबरें

View All

शामली

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग