8 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Shamli News: आयुष ने लव जिहाद के आरोपों को नकारा, कहा- अपनी मर्जी से कुबूला इस्लाम, चांदनी से निकाह करके बना मोहम्मद अली

Shamli Conversion Case: शामली में जिम ट्रेनर चांदनी कुरैशी से निकाह और धर्मांतरण के इस केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। क्या है करोड़पति के बेटे आयुष के रहमान मोहम्मद अली बनने का पूरा सच? आइए जानते हैं...

2 min read
Google source verification

शामली

image

Mohsina Bano

Jun 08, 2026

Shamli Conversion Case, Ayush Malik Shamli, Chandni Quraishi gym trainer, Shamli Police, Devraj Malik, Religion conversion UP,

शामली में जिम ट्रेनर से निकाह के लिए आयुष ने बदला धर्म (फोटो- पत्रिका)

Shamli Gym Trainer Conversion To Islam:उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक करोड़पति दवा कारोबारी के बेटे आयुष मलिक का धर्म बदलकर मुस्लिम बनने के मामले ने सबको हैरान कर दिया था। आयुष अपना नाम बदलकर रहमान मोहम्मद अली बन गया। इसके बाद उसके पिता ने एक मुस्लिम महिला जिम ट्रेनर और उसके परिवार पर जबरन धर्म परिवर्तन और वसूली की FIR दर्ज कराई थी। अब खुद आयुष ने मीडिया के सामने आकर इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। आयुष का दावा किया कि उसने किसी के दबाव में नहीं, बल्कि अपनी मर्जी से इस्लाम कुबूल किया है।

बहन की शादी के कारण छिपाया निकाह का सच

आयुष ने बताया कि वह पिछले करीब 13 सालों से इस्लाम रीति-रिवाजों को समझ रहा था। वह पाकिस्तानी इस्लामिक विद्वान इसरार अहमद के वीडियो देखता था जिससे उसका रुझान इस्लाम की तरफ बढ़ा। आयुष के मुताबिक उसने चार साल पहले ही इस्लाम धर्म अपनाकर अपनी जिम ट्रेनर चांदनी कुरैशी के साथ इस्लामिक रीति-रिवाज से निकाह कर लिया था। उसने यह बात अपने परिवार से इसलिए छिपाकर रखी क्योंकि उस वक्त उसकी बहन की शादी नहीं हुई थी। आयुष का कहना है कि वह अब पांच वक्त का नमाजी है और उसने सुन्नत के तौर पर दाढ़ी भी रख ली है।

जिम में हुई थी दोनों की मुलाकात

पूरा मामला शामली शहर के दयानंद नगर और कुरैशी बस्ती से जुड़ा है। आयुष के पिता देवराज मलिक शामली केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। आयुष ने बी-फार्मा किया है और वह अपना मेडिकल स्टोर चलाता है। करीब पांच साल पहले आयुष ने कुरैशी प्लस जिम जाना शुरू किया था, जहां चांदनी उसकी ट्रेनर थी। इसी दौरान दोनों करीब आए थे।

पिता का आरोप साजिश के तहत फंसाया

आयुष के पिता देवराज मलिक का आरोप है कि चांदनी और उसके परिवार ने साजिशन उनके बेटे को प्रेम जाल में फंसाया और उसका ब्रेनवॉश किया। पिता के मुताबिक आरोपी पिछले पांच साल से उनके बेटे से पैसे भी ऐंठ रहे थे। देवराज मलिक की शिकायत पर पुलिस ने चांदनी कुरैशी उसके पिता और तीन मौलवियों समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ जबरन धर्मांतरण और अवैध वसूली का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने फिलहाल चांदनी और उसके पिता को हिरासत में ले लिया है और मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

महंत के वीडियो के बाद मचा बवाल

यह मामला तब गरमाया जब मुजफ्फरनगर के योग साधना आश्रम के महंत स्वामी यशवीर ने 4 जून को एक वीडियो जारी किया। वीडियो में दावा किया गया कि भारत मेडिकल स्टोर के मालिक के इकलौते बेटे को चांदनी ने फंसा लिया है और पूरा परिवार धर्म बदल चुका है। हालांकि, देवराज मलिक ने साफ किया है कि सिर्फ उनके बेटे को साजिश का शिकार बनाया गया है, जबकि वह और उनकी पत्नी आज भी पूरी तरह से हिंदू धर्म का पालन कर रहे हैं और रोजाना हनुमान मंदिर जाते हैं।

ये था पूरा मामला

आयुष मलिक ने इस्लाम धर्म अपनाकर अपना नाम रहमान मोहम्मद अली रख लिया। आयुष ने करीब 4 साल पहले अपनी मुस्लिम जिम ट्रेनर चांदनी कुरैशी के साथ इस्लामिक रीति-रिवाज से निकाह किया था। इसकी जानकारी होने पर आयुष के पिता ने चांदनी और उसके परिवार पर जबरन धर्मांतरण और पैसों की वसूली का केस दर्ज करा दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जिम ट्रेनर चांदनी और उसके पिता को गिरफ्तार किया था। धर्मांतरण की घटना के सामने आने के बाद कई हिंदू संगठनों ने भारी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।