मथुरा

ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के साथ अटल बिहारी अस्थि कलश यात्रा में शामिल हुए हजारों की संख्या में लोग, नम आंखों से दी विदाई

मथुरा से होते हुए अटल बिहारी वाजपेयी की कलश यात्रा गढ़मुक्तेश्वर की ओर रवाना हो गई जहां ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा उनकी अस्थियों को गंगा नदी में विसर्जित करेंगे।

2 min read
Aug 25, 2018
kalash yatra

मथुरा। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई का अस्थि कलश शुक्रवार को मथुरा पहुंचा। रैपुरा जाट से अस्थि कलश यात्रा की शुरुआत हुई। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग इकट्ठे हुए और पुष्प वर्षा कर सदी के महान जननायक स्व.अटल बिहारी वाजपेयी को अपने अश्रुपूर्ण श्रद्धासुमन अर्पित कर अंतिम विदाई दी। रुंधे हुए गले लोग अटल बिहारी अमर रहें के नारे लगा रहे थे। लखनऊ से चल रही इस यात्रा में भाजपा प्रदेश मंत्री देवेंद्र चौधरी एवं प्रदेश के खाद्य आपूर्ति मंत्री अतुल गर्ग भी साथ रहे। मथुरा जनपद में यात्रा की आगवानी प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने की।

यात्रा के प्रत्येक मार्ग पर अटल जी से सम्बंधित कविताओं व संस्मरणों को फ्लैक्स के माध्यम से उकेरित किया गया था। जैसे जैसे अस्थि कलश यात्रा आगे बढ़ती जा रही थी, लोगों का हुजूम भी बढ़ता जा रहा था। तमाम क्षेत्रों से होते हुए अस्थि कलश को मथुरा में दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के समक्ष आम लोगों के दर्शनार्थ रखा गया जहां पर प्रदेश मंत्री देवेंद्र चौधरी, प्रदेश खाद्य मंत्री अतुल गर्ग व प्रदेश ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्व.अटल जी के चित्र पर मालार्पण व पुष्प अर्पित कर अपनी पुष्पांजलि अर्पित की।

हमेशा यादों में जिंदा रहेंगे अटलजी
इस अवसर पर प्रदेश खाद्य मंत्री अतुल गर्ग ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि श्रद्धेय स्व.अटल बिहारी वाजपेयी जी एक युग पुरुष ही नहीं बल्कि युगप्रवर्तक भी थे। वे महान कवि होने के साथ राष्ट्रवाद व विकासवाद के प्रबल समर्थक भी थे। उनका निधन भाजपा ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण भारत के लिए अपूरणीय क्षति है। इसके बाद ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि स्व.अटल बिहारी वाजपेयी जी भारत के ही नहीं बल्कि विश्व नेता भी थे। वे भाजपा प्रकाश स्तंभों में एक थे। वे भाजपा कार्यकर्ताओं के पथ प्रदर्शक, प्रेरणास्रोत व पितृतुल्य अभिभावक थे। भाजपा को बूंद से सागर बनाने में स्व.अटल जी का योगदान भुलाया नहीं जा सकता। इसके बाद होलीगेट पर जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू सिंह ने अस्थि कलश पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

गढ़मुक्तेश्वर की ओर रवाना हुई यात्रा
यात्रा का संचालन यात्रा प्रभारी सिद्धांत लोधी ने किया। इसके बाद जनरलगंज होते हुए अस्थि कलश यात्रा कृष्णा पुरी चौराहे पर पहुंची। वहां श्याम चतुर्वेदी की अध्यक्षता में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद यमुना पल्लीपार पर कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा के साथ स्व.अटल जी की अस्थि कलश यात्रा को अपनी अंतिम विदाई दी। इसके साथ ही अस्थि कलश यात्रा राया कट से अपने अंतिम गंतव्य गढ़मुक्तेश्वर की ओर रवाना हो गई जहां पर ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा व चेतन चौहान द्वारा गंगा में अस्थि विसर्जन किया जायेगा।

Published on:
25 Aug 2018 10:50 am
Also Read
View All