
मथुरा। होली की मस्ती और होली के गीतों पर झूमते श्रद्धालु। हर कोई रंग में सराबोर नजर आ रहा है। बरसाना में लाडली जी के मंदिर पर श्रद्धालु भावविभोर हैं। बरसाना की प्रेम गली, मान गली, रंगीली गली, फूल गली, सुदामा चैक, पीली पोखर, प्रिया कुंड आदि पर रंग-गुलाल की परत दिखाई दे रही है। होली उत्सव में टेसू, अबीर, रंग गुलाल सेे बरसाना धाम अट गया है।
श्याम रंग में रंगी प्रेम की लाठियां
बरसाना होली की धमक ब्रज के गोवर्धन, नंदगांव, मथुरा, गोकुल, महावन भी पहुंच गई है। उल्लास परिपूर्ण होकर भक्त एक दूसरे पर बिना झिझक के रंग डाल रहे हैं। किसी के हाथ में गुलाल तो किसी के अबीर हर कोई होली के रंग में रंगा हुआ था। ब्रज की परंपरागत होली का आगाज लड्डूमार होली के साथ हुआ। बरसाना में फाल्गुन की मस्ती में श्याम रंग में रंगी प्रेम की लाठियां नंदगांव से आये हुरियारों पर बरसेंगी। गोपियों की प्रेम की लाठियों की मार का नजारा बरसाना में अलग ही होता है। गिरधर के रस रंग में भीग रहौ चहुंओर की अभिव्यक्ति में बरसाना में लठामार होली खेली जाएगी।
श्रीराधा-कृष्ण के प्रेम में पगी होली
बरसाना की हुरियारिनों ने अपनी लाठियों को तैयार कर लिया है। लाठियों की मजबूती के लिए उन पर सरसों का तेल कई दिन पहले से ही लगा लिया है। उधर श्री कृष्ण ? के सखा रूपी नंदगांव के हुरियारे अपनी ढालों को भी कठोर बना रहे हैं। जिससे कि लाठियों के वार को सहन किया जा सके। हुरियारिन दिशा शर्मा, कमलेश शर्मा, सरोज गोस्वामी, सावित्री गोस्वामी, पूजा गोस्वामी, विमलेश गोस्वामी, दीप्ती, ज्योति आदि हुरियारिनों का कहना है कि उनको इस उत्सव का एक साल इंतजार रहता है। बरसाना की होली में जीत उनकी ही होगी। राधारानी की कृपा से ही इस बार भी जीत हमारी होगी। अपनी जीत की सूचना को देने हुरियारिन रंगीली जी के मंदिर पर पहुंचती हैं जो कि करीब तीन सौ फीट ऊंचाई पर नंदगिरि पर्वत पर विराजमान है। बरसाना निवासी भागवत व्यास हेमंत शर्मा बृजवासी ने बताया कि यह श्रीराधा-कृष्ण के प्रेम में पगी होली है। इस होली के दर्शन करने के लिए देवता भी लालायित रहते हैं। उन्होंने भाव में बताया कि ब्रज में होली में पाया बड़ा रसिया सा स्वभाव, गाल गाल पर कर दिया रंगौ का छिटकाव........ की अभिव्यक्ति के साथ खेली जाती हैं।