
मथुरा। जिले के थाना क्षेत्र मगोर्रा में बाइक और कार की भिड़ंत हो गई । टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार तीन लोगों में से दो की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम और घायल को उपचार के लिए भेज दिया है।
ये है मामला
जानकारी के मुताबिक मथुरा के थाना मोगर्रा क्षेत्र की चौकी से कुछ ही मीटर की दूरी पर कार संख्या DL-8C,AR-2450 और बाइक संख्या RJ-05,SU-6001 में भिड़ंत हुई। इस बीच बाइक पर सवार नेमी सिंह उम्र करीब 25 वर्ष निवासी कुम्हेर राजस्थान और तेजेन्द्र उम्र 28 वर्ष निवासी बढ़ाना थाना मोगर्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया । गुस्साए लोगों ने सड़क को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । वहीं घायल हुए तीसरे व्यक्ति को अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शी पिंटू ने बताया कि गोवर्धन की तरफ से एक ट्रक आ रहा था और उसके पीछे मारुती वैन आ रही थी। इसी दौरान सौंख की तरफ से मोटरसाइकिल ने ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी एक्सीडेंट हो गया।
इस मामले में एसपी देहात आदित्य शुक्ला ने बताया कि एक बाइक पर तीन लोग जा रहे थे जिनका एक्सीडेंट हो गया। दो की मौके पर मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ ग्रामीणों ने जाम भी लगाया था। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम को खुलवाया । फिलहाल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है । जल्द ही वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।